हंगामा : आकाश हत्याकांड में परिजनों का प्रदर्शन
Meerut News - पल्लवपुरम थाना क्षेत्र में आकाश की संदिग्ध मौत के मामले में परिजनों ने दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि आकाश को उसके दोस्त घर से बुलाकर ले गए थे और बाद में उसका शव रेलवे ट्रैक पर मिला। उन्होंने कार्रवाई न होने पर प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

पल्लवपुरम थाना क्षेत्र में आकाश की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में उसके परिजनों ने दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। मंगलवार को मृतक के परिजनों ने भीम आर्मी कार्यकत्ताओं के साथ कमिश्नरी चौराहे से लेकर एसएसपी ऑफिस तक प्रदर्शन किया। परिजनों का कहना है कि आकाश को उसके दोस्त घर से बुलाकर ले गए थे। जिसके बाद उसका शव रेलवे ट्रैक के पास मिला था। कार्रवाई नहीं होने से नाराज परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पल्लवपुरम क्षेत्र के धनपुरा रोशनपुर निवासी हंसराज उर्फ पप्पू ने बताया कि बेटे आकाश को उसके दोस्त प्रशांत निवासी डोरली और अनमोल खारी (निवासी कृष्णा नगर) 10 जनवरी को घर से बुलाकर साथ ले गए थे।
कुछ समय बाद सूचना मिली कि आकाश को ट्रेन ने टक्कर मार दी है। आरोप है कि प्रशांत, अनमोल और अन्य अज्ञात ने पहले आकाश की हत्या की और बाद में घटना को दुर्घटना दिखाने के लिए शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया।इस मामले में पीड़ित ने 11 जनवरी को पल्लवपुरम थाने में तहरीर दी थी। आरोप है कि मामला दर्ज होने के बावजूद अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई है। परिवार ने मंगलवार को भीम आर्मी कार्यकर्ताओं के साथ एसएसपी को शिकायती पत्र सौंपा और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने मामले की जांच पल्लवपुरम थाने से किसी अन्य थाने में स्थानांतरित करने की भी अपील की। उधर , एसएसपी अविनाश पांडेय ने पीड़ित परिवार को जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


