
पालिका प्रशासन ने सख्ती दिखाई तो पैठ सीमा पार लगी
Meerut News - मवाना में पालिका प्रशासन ने नियमों का उल्लंघन कर साप्ताहिक पैठ लगाने वालों के खिलाफ सख्ती दिखाई। व्यापारियों ने ब्लॉक कार्यालय के पीछे नए स्थान पर बिना अनुमति बाजार लगाई, जिससे ग्राहकों की संख्या कम रही। प्रशासन ने अवैध पैठ को हटाने के लिए पुलिस बल की मांग की है।
मवाना। नगर में नियमों का उल्लंघन कर साप्ताहिक पैठ सीमा के अंतर्गत लगाने पर पालिका प्रशासन ने सख्ती दिखाई तो पैठ के व्यापारियों ने ब्लॉक कार्यालय के पीछे स्थित खेड़ी रजवाहे के पास मैदान में लगाई। वहां पर बिना अनुमति के पैठ लगाई गई, जबकि पैठ वाला मैदान नगर पालिका की सीमा से सटा हुआ है। हालांकि, नगर से दूर होने के कारण व पहली बार नए स्थान पर लगने के कारण साप्ताहिक पैठ में ग्राहकों की भीड़ नहीं पहुंची। मवाना में लंबे समय से साप्ताहिक पैठ निर्धारित स्थानों के अलावा अन्य जगहों पर लगाने की शिकायतें मिल रही थी। इसके कारण न केवल यातायात बाधित हो रहा था, बल्कि आम नागरिकों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था।
कई बार चेतावनी देने के बावजूद संबंधित लोगों ने नियमों का पालन नहीं किया। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पालिका अधिशासी अधिकारी राजीव जैन ने कर अधीक्षक अनिल यादव व समस्त सफाई कर्मियों को लिखित आदेश दिए कि मीर भोज तिराहे से मवाना तहसील रोड पर मैदान के अंदर रविवार को अनावश्यक रूप से अवैध रूप से लगने वाली साप्ताहिक पैठ को हटवाने की जिम्मेदारी दी जा रही है। सफाई कर्मियों को लेकर अवैध साप्ताहिक पैठ को हटवाया जाए। अधिशासी अधिकारी ने मवाना थाना प्रभारी को पत्र भेजकर इस कार्य के लिए पुलिस बल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। वहीं, पालिका प्रशासन का यह आदेश साप्ताहिक पैठ वालों के संज्ञान में आया तो साप्ताहिक पैठ लगाने वाले दुकानदारों ने मवाना ब्लॉक कार्यालय के पीछे स्थित खेड़ी रजवाहे के पास मैदान में जाकर दुकानें सजा ली, ताकि पालिका प्रशासन कोई हस्तक्षेप नहीं कर सके। उधर, पालिका के अधिशासी अधिकारी राजीव जैन ने कहा कि नगर पालिका की सीमा से बाहर लगाई गई पैठ को वे नहीं हटा सकते। वहीं, एसडीएम संतोष कुमार सिंह ने कहा कि साप्ताहिक पैठ कहीं भी लगे लेकिन उसकी जिला प्रशासन या जिला पंचायत से स्वीकृति लेनी जरुरी है। प्रशासन की मंशा के बिना अवैध रूप से पैठ लगाना गलत है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




