पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे मेरठ से परिजन
Meerut News - पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर मेरठ में शोक की लहर है। उनके परिवार के सदस्य शुक्रवार को नई दिल्ली रवाना हुए, ताकि शनिवार को अंतिम संस्कार में शामिल हो सकें। डॉ. सिंह का सेठी परिवार से...

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर मेरठ भी शोकाकुल है। मेरठ से डॉ. मनमोहन सिंह का पारिवारिक संबंध रहा। इस कारण उनके संबंधी शुक्रवार सुबह ही नई दिल्ली रवाना हो गए। वे शनिवार को होने वाले अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का मेरठ में पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजित सिंह सेठी के परिवार से संबंध था। सेठी परिवार के कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में उनका आना-जाना रहा। सुख-दुख में वे और सेठी परिवार के लोग शरीक हुए। गुरुवार रात जब डॉ. मनमोहन सिंह के निधन की सूचना मिली तो साकेत स्थित सेठी परिवार शोकाकुल हो गया। शुक्रवार सुबह पूर्व मंत्री अजित सिंह सेठी के पुत्र देवेन्द्रजीत सिंह सेठी और उनके परिवार के कई सदस्य नई दिल्ली रवाना हो गए। उन्होंने बताया कि परिवार के साथ वे शनिवार को अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।