सुस्त रहेगा मानसून, अभी अच्छी बारिश नहीं
मध्य भारत के ऊपर लगातार बन रहे निम्न दबाव के क्षेत्र से उत्तर भारत के मैदानों में अभी मानसून की सुस्ती जारी रहेगी। फिलहाल अगले कुछ दिनों तक मानूसन...

मेरठ। मध्य भारत के ऊपर लगातार बन रहे निम्न दबाव के क्षेत्र से उत्तर भारत के मैदानों में अभी मानसून की सुस्ती जारी रहेगी। फिलहाल अगले कुछ दिनों तक मानूसन से अच्छी बारिश की कोई उम्मीद नहीं है। मेरठ सहित वेस्ट यूपी के कुछ हिस्सों में ही बारिश होगी। व्यापक बारिश के आसार दूर-दूर तक नहीं हैं। सोमवार को भी मेरठ के कुछ हिस्सों में बारिश हुई। शास्त्रीनगर, विश्वविद्यालय कैंपस और गढ़ रोड के कुछ हिस्सों में 40 मिनट से अधिक समय तक बारिश हुई। मानसून की बेरुखी से आधी जुलाई सूखी बीतने की ओर है। मेरठ में केवल 36 फीसदी बारिश हुई है जो सामान्य से बेहद कम है।
बारिश चाहिए 49.2 मिमी, बादल बरसे 18 मिमी
मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष के अनुसार एक से 10 जुलाई के बीच मेरठ में सामान्य रूप से 49.2 मिमी बारिश होनी चाहिए, लेकिन इस अवधि में केवल 18 मिमी बारिश हुई जो बेहद कम है। जुलाई के शुरुआती 10 दिनों में मेरठ में सामान्य से 64 फीसदी कम बारिश हुई है जो सूखे जैसी स्थिति है। मेरठ में छुटपुट और कुछ हिस्सों में बारिश हो रही है। डॉ. सुभाष के अनुसार बीते पांच वर्षों में शुरुआत 10 दिनों में 2021 में 1.2 मिमी, 2020 में65.4 मिमी, 2019 में 41.6 मिमी, 2018 में 40.8 मिमी और 2017 में 41 मिमी बारिश हुई थी। इस साल कम बारिश से फसल बुरी तरह से प्रभावित हो रही है।
इसलिए नहीं बरस रहे बादल
निजी एजेंसी स्काईमेट के अनुसार अप्रत्याशित रूप से इस बार मध्य भारत पर निम्न दबाव के क्षेत्र अधिक बन रहे हैं। पहले यह क्षेत्र उत्तर भारत की ओर भी आते थे, लेकिन अभी तक यहां ऐसा नहीं है। इससे मानसून ट्रफ रेखा मध्य भारत पर केंद्रित हो रही है और वहां जमकर बारिश हो रही है। उत्तर भारत में इससे मानसूनी बारिश नहीं हो रही।
सामान्य से ऊपर पहुंचा पारा
डॉ. एन सुभाष के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रहा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 38-39 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम 24-25 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। आज मौसम साफ रहने के आसार हैं। 13-14 जुलाई को बादल छाने और मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
