व्यापारियों ने लगाया गड्डायुक्त मेरठ का बोर्ड, किया प्रदर्शन
बेगमपुल पर लड़खड़ाई सफाई व्यवस्था से नाराज व्यापारियों ने गड्डायुक्त मेरठ का बोर्ड लगाकर नगर निगम के खिलाफ आक्रोश जताया। साथ ही कमिश्नर और डीएम से...
बेगमपुल पर लड़खड़ाई सफाई व्यवस्था से नाराज व्यापारियों ने गड्डायुक्त मेरठ का बोर्ड लगाकर नगर निगम के खिलाफ आक्रोश जताया। साथ ही कमिश्नर और डीएम से समस्याओं का समाधान कराने की मांग की। वहीं चेतावनी दी कि अगर समस्या हल नहीं हुई तो रास्ता जाम कर प्रदर्शन करेंगे।
शनिवार को व्यापारी बेगमपुल से जीआईसी जाने वाले मार्ग पर जुटे और प्रदर्शन किया। बेगमपुल व्यापार संघ अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी, पूर्व महामंत्री पुनीत शर्मा ने कहा कि नगर निगम द्वारा बेगमपुल क्षेत्र में जो सफाई अभियान चलाया जा रहा है, वह पूर्ण रूप से अव्यवस्थित है। इसके परिणाम स्वरूप राहगीर चोटिल हो रहे। निगम के उच्चाधिकारियों को सूचित करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा। आरोप लगाया कि अधिकारी मौके पर आकर सही स्थिति का आंकलन नहीं कर रहे हैं। इसके चलते सफाई कर्मचारी अपनी मनमर्जी कर रहे हैं। सफाई के बाद सीवर के ढक्कनों को सही से लॉक नहीं किया जाता है, जिसके चलते वह हादसों का कारण बन रहे हैं।