Meerut News: मेरठ के दरवाजों का सर्वे, खैरनगर में आज से शुरू
Meerut News: चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के एमए आर्कियोलॉजी के छात्र मेरठ के ऐतिहासिक नौ दरवाजों का सर्वे शुरू करेंगे। सर्वे की शुरुआत खैरनगर गेट से होगी, जो फिलहाल सबसे बेहतर स्थिति में है। छात्र इन दरवाजों के इतिहास, शहर की स्थापना और उनकी मौजूदा हालत का अध्ययन कर रिपोर्ट तैयार करेंगे। रिपोर्ट विश्वविद्यालय में पढ़ाई के लिए इस्तेमाल होगी और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण को भी भेजी जाएगी।

Meerut News: मेरठ की शान रहे नौ दरवाजों का इतिहास से लेकर मौजूदा अस्तित्व जल्द ही दस्तावेजों के रूप में सामने आएगा। चौधरी चरण सिंह विवि में एमए आर्कियोलॉजी के छात्र इन दरवाजों का आज से सर्वे शुरू करेंगे। शुरुआत खैरनगर स्थित दरवाजे से होगी। इन नौ दरवाजों में फिलहाल सभी सही स्थिति में नहीं हैं। छात्र इन दरवाजों में बसे मेरठ शहर की स्थापना से लेकर वर्तमान स्थिति तक का पूरा अध्ययन करेंगे। विवि सर्वे से तैयार रिपोर्ट को ना केवल विभाग में अध्ययन में प्रयुक्त करेगा, बल्कि इसकी रिपोर्ट आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (एएसआई) को भेजी जाएगी। विभागाध्यक्ष प्रो. कृष्णकांत शर्मा के अनुसार इस सर्वे का उद्देश्य मेरठ शहर में स्थापित हुए नौ दरवाजे (गेट) और उनके इतिहास और इसके पीछे के ऐतिहासिक तथ्यों को दस्तावेज के रूप में तैयार करना है।
विभिन्न दस्तावेजों में मेरठ में नौ गेट की बात सामने आती है। कभी मेरठ इन नौ दरवाजों के अंदर बसा हुआ था। आज शहर इन दरवाजों से बहुत बाहर तक जा चुका है। देखरेख के अभाव में कई दरवाजे अस्तित्व के संकट से गुजर रहे हैं। इसी क्रम में एमए आर्कियोलॉजी के छात्र इन सभी नौ दरवाजों का सर्वे करेंगे। आज खैरनगर गेट से सर्वे की शुरुआत होगी। वर्तमान में यह दरवाजा ज्ञात एवं सबसे बेहतर स्थिति में है। सर्वे के बाद मेरठ के दरवाजे के इतिहास को तथ्यों सहित बेहतर ढंग से समझा एवं जाना जा सकेगा।

