
बोले मेरठ : सरायबहलीम की पुकार, गंदगी-आवारा आतंक पर हो वार
Meerut News - मेरठ के सराय बहलीम क्षेत्र में गंदगी और कुत्तों का आतंक बढ़ गया है। यहाँ नालियाँ चोक हैं और सफाई व्यवस्था नदारद है। लोग संक्रमित बीमारियों का शिकार हो रहे हैं और कुत्ते बच्चों पर हमले कर रहे हैं।...
मेरठ। कोतवाली क्षेत्र में सराय बहलीम इलाका गंदगी और कुत्तों के आतंक से जूझ रहा है। जिधर निकलो गंदगी के ढेर मिल जाएंगे। मानों यहां सफाई बहुत दिनों से नहीं हुई है। नालियों में बहती गंदगी और साफ सफाई की व्यवस्था नहीं होने से इलाके के लोग संक्रमण की मार भी झेल रहे हैं। सीवर लाइन डाली गई, लेकिन कभी चालू नहीं की गई। वहीं सड़कों पर खूंखार कुत्ते लोगों को अपना शिकार बनाने के लिए खड़े नजर आते हैं। जो बच्चे और बड़ों को काट चुके हैं। अब यहां के लोग गंदगी और कुत्तों से निजात चाहते हैं। मेरठ शहर में नगर निगम के वार्ड 66 का इलाका सराय बहलीम आजकल गंदगी और निकासी की समस्या से जूझ रहा है।

इस इलाके में चार हजार से अधिक की आबादी है। जहां सफाई जैसी बुनियादी सुविधा को लेकर लोग परेशान रहते हैं। हालात ये हैं कि कूड़ा नालियों में और सड़क किनारे पड़ा रहता है। स्कूल और धार्मिक स्थलों के पास गंदगी का अंबार लगा रहता है। जिसे साफ करने कोई नहीं आता है। वहीं नालियों की स्थिति काफी दयनीय है, जो चोक होने के कारण ऊपर तक बहती हैं। नालियों में गंदगी और गोबर की समस्या बहुत ज्यादा है। वहीं पूरा इलाका कुत्तों के आतंक से परेशान है। जहां आए दिन कुत्ते लोगों को अपना शिकार बनाते हैं, बच्चों को बुरी तरह काट लेते हैं। हिन्दुस्तान बोले मेरठ टीम ने इस इलाके के लोगों से सवांद कर उनकी समस्याओं को जाना। जो गंदगी और कुत्तों के आतंक से राहत चाहते हैं। सड़कों पर गंदगी का अंबार, फैल रही बदबू सराय बहलीम के लोग सड़कों पर गंदगी के ढेर दिखाते हुए कहते हैं कि पूरे इलाके का यही हाल है। कूड़ा सड़कों पर पड़ा रहता है, कोई उठाने वाला नहीं आता है। सफाई वाला भी इस इलाके में कोई नहीं आता। गंदगी के कारण क्षेत्र में बदबू वाला वातावरण रहता है। जिसके कारण इलाके में सांस लेना भी दूभर हो जाता है। पार्षद से कई बार कह चुके हैं कि सफाई के लिए कर्मचारियों को भेज दो, लेकिन फिर भी कुछ नहीं हुआ। कूड़ा उठाने वाली गाड़ी भी नहीं आती है, जिसके चलते समस्या और विकट हो गई है। एक बार तो सफाई हो, ताकि लोग राहत की सांस ले सकें। सीवर लाइन डाली गईं, चालू नहीं, नालियां चोक लोगों का कहना है कि सराय बहलीम में सीवर लाइन पिछले चार साल से ऐसी ही है। जब से यह डाली गई है आजतक चालू नहीं हो सकी है। घरों का गंदा पानी नालियों में बहता है और वह भी पूरी तरह चोक रहती हैं। नालियों में गंदगी और गोबर बड़ी मात्रा में बहता है। नालियों की निरंतर सफाई नहीं होती है, अगर कभी कभार सफाई हो भी जाए तो कूड़ा वहीं पड़ा रहता है। जिसको उठाया नहीं जाता है। दुबारा गंदगी नालियों में भर जाती है, जिससे नालियां चोक हो जाती हैं और इनका गंदा पानी सड़कों पर बहता है। अगर सीवर लाइन चालू हो जाएं तो नालियों में बह रही गंदगी कम जो जाएगी। लेकिन साफ सफाई नहीं होने से सीवर भी चोक हो जाएंगे। स्कूल के बाहर गंदगी और खुला ट्रांसफार्मर लोगों का कहना है कि सरायबहलीम में उच्च प्राथमिक स्कूल के बाहर साफ सफाई नहीं होती है। यहां नाली में गदंगी और कूड़े का ढेर हमेशा लगा रहता है। वहीं पास में मौजूद खुला ट्रांसफार्मर क्षेत्र के लोगों के साथ ही स्कूली बच्चों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है। इसके उखड़े पड़ें जाली के गेट ठीक कराए जाने चाहिएं। कई बार कुत्ता इसमें घुस जाता है, और उसकी करंट लगने से मौत हो जाती है। इसलिए ट्रांसफार्मर के चारों ओर सुरक्षा के लिए इसकी दीवारें सही की जाएं। साथ ही स्कूल के बाहर से कूड़ा उठाया जाए, ताकि बच्चे बीमार ना हों। नालियों में भरा कूड़ा साफ हो, ताकि निकासी सही हो सके। धार्मिक स्थल के पास गंदगी के ढेर सराय बहलीम में दो मस्जिद हैं और पास में बड़ी चौपाल है, जिसे रांगड़ों की चौपाल कहा जाता है। यहां मस्जिदों के पास गंदगी के ढेर लगे रहते हैं, जिनको कोई उठाने वाला नहीं आता है। लोगों का कहना है कि पूरा इलाका गंदगी के कारण परेशान रहता है। कम से कम धार्मिक स्थलों के पास तो गंदगी साफ होनी चाहिए। लोग नमाज के लिए जाते हैं तो उनको गदंगी से गुजरना पड़ता है। हालांकि इलाके में सड़क आरसीसी की बनी है, लेकिन गंदगी इलाके के लिए नासूर बनी पड़ी है। वहीं मौजूद पुलिया के नीचे गंदगी अटी होने के कारण निकासी नहीं हो पा रही है, जिसकी सफाई की जानी चाहिए। कुत्तों के आतंक से परेशान लोग, आए दिन काटते हैं सराय बहलीम के लोगों का कहना है कि यहां कुत्तों की संख्या बहुत ज्यादा बढ़ गई है। इसके साथ कुत्तों का आतंक भी बढ़ता जा रहा है। आए दिन किसी ना किसी को अपना शिकार बनाते हैं। कुछ दिन पहले 7 बच्चों को भी बुरी तरह काट लिया था। यहां रहने वाले जियाउल हक का कहना है, कि मुझे भी कुत्ते ने बुरी तरह टांग में काटा था, जिसके बाद दिल्ली इलाज के लिए जाना पड़ा था। यहां कुत्ते इतने खूंखार हो रहे हैं, कि अकेला पाते ही बच्चों और बड़ों को घेरकर हमला कर देते हैं। इसलिए बच्चों को घर से अकेले बाहर नहीं जाने देते। इन कुत्तों का नगर निगम कुछ करे, ताकि इनसे निजात मिले। फाड़ियान में नहीं पहुंचता पानी, हो समाधान लोगों का कहना है कि इलाके में घरों तक बोरवेल के जरिए सरकारी पानी पहुंच रहा है। जिसके लिए पाइप लाइन बिछाकर कनेक्शन घरों में कराए गए हैं। लेकिन यहां के मोहल्ला फाड़ियान में रहने वाले लोगों के घरों तक पानी नहीं जा रहा। मोहल्ला फाड़ियान के लोगों का कहना है, कि पानी की बड़ी समस्या रहती है। कई-कई दिनों तक पानी नहीं आता तो लोगों को एक-दूसरे के यहां से पानी लेकर काम चलाना पड़ता है। कई बार तो मोटर भी चलाने से पानी नहीं आता है। इस समस्या का सुधार होना चाहिए, ताकि लोगों को पानी मिल सके। समस्या - पूरे क्षेत्र में गंदगी की समस्या बहुत ज्यादा रहती है - सभी गलियों और सड़कों पर कूड़े के ढेर लगे रहते हैं - ट्रांसफार्मर की जाली उखड़ी पड़ी है, हादसे का डर है - सीवर लाइन चलती नहीं है, नालियां सभी चोक पड़ी हैं - इलाके में कुत्तों का आतंक है, आए दिन काटते हैं सुझाव - सराय बहलीम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाए - गलियों और सड़कों पर लगे कूड़े के ढेर उठाए जाएं - सड़क पर रखे हुए ट्रांसफार्मर की जाली सही की जाए - सीवर लाइन चालू हो और नालियों की सफाई हो - कुत्तों को नगर निगम द्वारा पकड़ा जाए, नसबंदी हो हमारी भी सुनो पूरे क्षेत्र में गदंगी के ढेर लगे पड़े हैं, कोई कूड़ा उठाने वाला नहीं आता है, नालियों की गंदगी सड़कों पर रहती है। - जियाउल हक यहां सभी नाली चोक हुई पड़ी हैं, इनकी सफाई करने वाला भी नहीं आता है, जिससे इलाके में बदबू बहुत रहती है। - जामिर हुसैन नालियों की सफाई व्यवस्था ठीक होनी चाहिए, लोगों के घरों का कूड़ा रोज उठाया जाए, ताकि परेशानी ना हो। - जीशान गली मोहल्ले में गंदगी के कारण समस्या बढ़ती जा रही है, नालियां साफ हों और इलाके का कूड़ा उठाया जाए। - उस्मान पूरे इलाके की हालत बहुत खराब है, सड़कों पर कूड़े के ढेर लगे रहते हैं, इनको कोई उठाने वाला नहीं आता है। - गुड्डू त्यागी स्कूल के बाहर ही इतनी गंदगी रहती है कि बच्चे नाक दबाकर निकलते हैं, वहीं नाली में गंदगी ऊपर तक भरी है। - दानिश सड़क पर रखे ट्रांसफार्मर की जाली उखड़ी पड़ी हैं, कुत्ते अंदर घुस जाते हैं, कई तो मर चुके हैं, यह ठीक किया जाए। - नदीम ट्रांसफार्मर के पास सरकारी उच्च प्राथमिक स्कूल है, रोज बच्चे पास से गुजरते हैं, कई बार तो डर भी लगता है। - नईम नालियों की सफाई और मोहल्ले में गंदगी को लेकर शिकायत भी की जा चुकी है, पर कोई सफाई वाला नहीं आता। - सुल्तान पूरे इलाके में गंदगी का आलम है, नालियां चोक पड़ी हुई हैं और सीवर लाइन आजतक कभी चालू नहीं की गई। - सर्वत आमिर सबसे बड़ी समस्या तो यहां सफाई की है, कूड़ा कई-कई दिनों तक पड़ा रहता है, जिसको उठाने के लिए कोई नहीं आता। - मो. शाहबुद्दीन फाड़ियान मोहल्ले में सरकारी पानी ही नहीं आता है, लोगों को एक दूसरे के घरों से पानी लेकर काम चलाना पड़ रहा है। - कामिल इलाके में कुत्तों की संख्या बहुत ज्यादा बढ़ गई है, कुत्ते आए दिन लोगों को अपना शिकार बनाते रहते हैं। - शान कुरैशी कुत्ते इतने खतरनाक हुए पड़े हैं, कि किसी को भी काट लेते हैं, रात में तो निकलना भी मुश्किल हो जाता है। - सरफराज मुझे कुत्तों ने काट लिया था, हालत बिगड़ी मो मुझे दिल्ली इलाज के लिए जाना पड़ा था, इनको पकड़ा जाना चाहिए। - जियाउल हक छोटे-छोटे बच्चों को कुत्ते काट लेते हैं, कुछ दिन पहले सात बच्चों को काटा था, नगर निगम वाले पकड़ने नहीं आते। - जावेद चौहान कुत्ते लोगों के पीछे भागते रहते हैं, कई बार तो एक्सीडेंट होते-होते बचा है, इनकी व्यवस्था नगर निगम को करनी चाहिए। - मो. शहजाद इलाके में सफाई व्यवस्था सही हो जाए, नालियां साफ होती रहें, तो मोहल्ले में संक्रमण का खतरा नहीं होगा। - मो. अमन ट्रांसफार्मर को लेकर शिकायत भी की गई है, इसकी जाली को ठीक किया जाए, ताकि कोई बड़ी घटना ना हो। - मो. सरफराज सफाई व्यवस्था के साथ कुत्तों को भी पकड़े जाना बहुत जरूरी है, मस्जिदों के आसपास सफाई होनी जरूरी है। - मो. बाकिर ----------------------------------------------

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




