आईजीआरएस रैंकिंग में मेरठ परिक्षेत्र ने प्राप्त किया पहला स्थान
Meerut News - मेरठ परिक्षेत्र ने जन शिकायतों के निस्तारण में प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। मार्च की मासिक मूल्यांकन रिपोर्ट के अनुसार, मेरठ, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ ने भी पहले स्थान पर कब्जा किया। पुलिस अधिकारियों ने गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष निर्देश दिए।

जन शिकायतों के निस्तारण में मेरठ परिक्षेत्र ने प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए आईजीआरएस रैंकिंग में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसमें मार्च की मासिक मूल्यांकन रिपोर्ट के आधार पर जारी इस रैंकिंग में मेरठ रेंज के सभी चारों जनपद मेरठ, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ ने भी अपने स्तर पर पहला स्थान हासिल किया है। पुलिस उप महानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र, कलानिधि नैथानी ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा संचालित आईजीआरएस, जनसुनवाई और सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया गया। विशेष रूप से जनवरी माह में प्राप्त शिकायतों के विधिक समाधान ने मार्च की मूल्यांकन रिपोर्ट में बेहतर परिणाम दिलाए।
डीआईजी ने बताया कि बीते माह रेंज के सभी जनपदों की समीक्षा कर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। इसी का परिणाम है कि चारों जनपदों ने प्रदेश स्तर पर शीर्ष स्थान प्राप्त किया। उन्होंने आगे निर्देशित किया कि शिकायतों की जांच के लिए संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर सत्यापन करें और फोन या थाने बैठकर रिपोर्ट न भेजें। जांच आख्या अपलोड करने से पहले थाना प्रभारी द्वारा फीडबैक लेना अनिवार्य किया गया है। थानों में शिकायतों और फीडबैक से जुड़े रजिस्टरों को अद्यतन रखने तथा प्रत्येक 15 दिन में नोडल अधिकारी द्वारा समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


