मेरठ मुठभेड़: वलीमे में ताबड़तोड़ फायरिंग करने वाले 25-25 हजार के तीन इनामी बदमाश पैर में गोली लगने से घायल, गिरफ्तार
Meerut News - मेरठ के स्टार हेरिटेज मंडप में शादी के रिसेप्शन के दौरान तीन लोगों को गोली मारने वाले अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ों में दो बदमाश घायल हुए और एक फरार था, जिसे बाद में पकड़ लिया गया। एसपी ने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।

मेरठ मेरठ के स्टार हेरिटेज मंडप में वलीमे (शादी के रिसेप्शन) के दौरान एक मासूम बच्चे समेत तीन लोगों को गोली मारने वाले शातिर अपराधी पुलिस के हत्थे चढ़ गए हैं। शनिवार तड़के पुलिस और स्वाट टीम के साथ हुई दो अलग-अलग मुठभेड़ों में 25-25 हजार रुपये के तीन इनामी बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। इस दौरान बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में एक हेड कांस्टेबल भी जख्मी हुआ है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से अवैध हथियार और बाइक बरामद की है。
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, शनिवार तड़के लोहिया नगर पुलिस और स्वाट टीम बाजोट अंडरपास के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन संदिग्धों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में जुनैद उर्फ काला और हरीश पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनका तीसरा साथी सुहेल अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। बदमाशों की इस गोलीबारी में हेड कांस्टेबल मोहित कुमार भी घायल हुए हैं।
कंट्रोल रूम के अलर्ट के बाद घेराबंदी
कंट्रोल रूम के अलर्ट के बाद घेराबंदी, तीसरा बदमाश भी ढेर मुठभेड़ की सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम से पूरे जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया। कुछ ही देर बाद परतापुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान फरार आरोपी सुहेल को घेर लिया। सुहेल ने भी पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, लेकिन जवाबी फायरिंग में उसके पैर में भी गोली लग गई और पुलिस ने उसे दबोच लिया।
क्या था मामला?
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले ने बताया कि कमेला रोड स्थित स्टार हेरिटेज मंडप में पुरानी रंजिश के चलते इन आरोपियों ने करीब 10 राउंड फायरिंग की थी। इस अंधाधुंध गोलीबारी में राजा, इरफान और एक दो वर्षीय मासूम बच्चा हम्माद गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद से ही तीनों आरोपी फरार चल रहे थे और पुलिस इनकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी।
अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा
पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से अवैध असलाह, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी सिटी ने सख्त लहजे में कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


