
आठ साल की बच्ची का रेप के बाद कत्ल, बवाल
Meerut News - खरखौदा की काशीराम कॉलोनी से आठ साल की बच्ची का अपहरण कर रेप किया और हत्या करके लाश माधवपुरम चौकी के पास नाले में फेंक दी गई। मंगलवार को बच्ची का अपहरण किया गया था और उसी रोज कत्ल किया गया। गुरुवार...
खरखौदा की काशीराम कॉलोनी से आठ साल की बच्ची का अपहरण कर रेप किया और हत्या करके लाश माधवपुरम चौकी के पास नाले में फेंक दी गई। मंगलवार को बच्ची का अपहरण किया गया था और उसी रोज कत्ल किया गया। गुरुवार सुबह कुछ स्थानीय लोगों ने नाले में लाश देखकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बच्ची की पहचान हो सकी। जिस शिक्षिका के पास बच्ची काशीराम कॉलोनी में पढ़ने जाती थी, पुलिस ने उसे ही हत्या के शक में उठा लिया। इसके बाद तो भीड़ ने आरोपी को पुलिस कस्टडी से छीनकर पीटा। बीच बचाव में आए पुलिसकर्मियों को भी भीड़ ने जमकर पीटा। आरोपियों के घर पर भी हमला किया गया। पुलिस ने किसी तरह से मामला काबू किया।
माधवपुरम चौकी के पास ही अंजुल पैलेस के सामने नाले में चादर में लपेटकर एक बच्ची की लाश को फेंका हुआ था। कुछ स्थानीय लोगों ने गुरुवार सुबह शक होने पर पुलिस को सूचना दी। ब्रह्मपुरी पुलिस ने शव को बरामद कर लिया। पहचान का प्रयास किया गया, जिसके बाद खुलासा हुआ कि बच्ची का नाम इकरा(8) था और वो खरखौदा की काशीराम कॉलोनी निवासी आसिफ की बेटी थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार रेप के बाद बच्ची की गला दबाकर हत्या की गई थी। खरखौदा पुलिस को सूचना दी गई और शव को मोर्चरी भिजवाया गया।
इकरा की हत्या की जानकारी पर परिजन ब्रह्मपुरी थाने पहुंच गए। खरखौदा पुलिस भी छानबीन में लग गई। शाम के समय कॉलोनी में लोगों ने हंगामा कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। कुछ लोगों ने बताया कि इकरा कॉलोनी में ही रहने वाली रूबी के पास उर्दू पढ़ने जाती थी और आखिरी बार इकरा को रूबी के पति आशू के साथ देखा गया था। इस बात पर भीड़ ने आशू के घर पर हमला कर दिया। आशू के घर में उसी तरह का तकिया कवर मिला, जिस तरह की प्रिंट वाली चादर में लपेटकर इकरा की लाश को फेंका गया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी आशू को पकड़ लिया, लेकिन भीड़ ने हमला बोल दिया।
पुलिस कस्टडी से आशू को छीन लिया और जमकर पीटा। बीच बचाव में आई पुलिसकर्मियों को भी भीड़ ने पीटा। बवाल हो गया और थाने से फोर्स दौड़ी। किसी तरह से आशू को पुलिस जीप में निकाला गया। इसके बाद भीड़ ने आशू के घर पर हमला बोल दिया। बवाल के दौरान पुलिस ने आशू के परिवार की महिलाओं को घर में बंद कर बाहर से लॉक लगा दिया। किसी तरह से मामला शांत किया और फोर्स लगाया गया।
----
चौकी पर दी थी तहरीर, नहीं की तलाश
इकरा के पिता आसिफ ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब पौने नौ बजे इकरा घर से कॉलोनी में ही दुकान पर चावल लेने गई थी। नौ बजे वो वापस नहीं आई तो कॉलोनी के करीब 100 लोगों के साथ मिलकर खोजबीन की थी। शाम तक नहीं मिली तो बिजली बंबा चौकी पर शिकायत की। पुलिस ने न तो तलाश की और न ही मैसेज कहीं आगे दिया। आरोप लगाया कि पुलिस ने तलाश किया होता तो शायद बेटी की जान बच जाती।
----
अपहरण के बाद घर में रखा
पुलिस मानकर चल रही है कि बच्ची का अपहरण करने के बाद उसे आशू ने घर पर ही रखा था। इसके बाद उसके साथ रेप किया और फिर कत्ल कर डाला। देररात लाश को यहां माधवपुरम में लाकर फेंका गया। इस मामले में पुलिस पूछताछ में लगी है और कुछ सीसीटीवी फुटेज भी उठाई गई हैं।
----
शव सुपुर्द ए खाक करने से किया इंकार
केस का खुलासा होने तक शव को सुपुर्द ए खाक करने से परिजनों ने इंकार कर दिया। इसके बाद पुलिस के हाथ पैर फूल गए। सीओ किठौर और एसओ खरखौदा ने 24 घंटे में खुलासे का आश्वासन दिया। इसके बाद बिरादरी के लोगों को मनाया गया। तब कहीं जाकर रात नौ बजे शव सुपुर्द ए खाक किया गया।
----
केस का खुलासा करने के लिए टीम को लगाया गया है। कुछ संदिग्ध पकड़े गए हैं। पूछताछ की जा रही है। केस लगभग खुल चुका है और आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पुलिस की लापरवाही को लेकर परिजन कोई शिकायत देंगे तो कड़ा एक्शन होगा।
नितिन तिवारी, एसएसपी मेरठ।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




