ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश मेरठदलितों को साधने के लिए कांग्रेस हर मंडल पर करेगी सम्मेलन

दलितों को साधने के लिए कांग्रेस हर मंडल पर करेगी सम्मेलन

मिशन 2019 की तैयारी में लगी कांग्रेस अब दलितों को साधने के लिए एक बार फिर से मैदान में है। भाजपा के दलितों के प्रति बढ़ते प्रेम को देखते हुए कांग्रेस भी दलितों के बीच सक्रिय हो रही है। दलितों के यहां...

दलितों को साधने के लिए कांग्रेस हर मंडल पर करेगी सम्मेलन
हिन्दुस्तान टीम,मेरठWed, 17 Oct 2018 01:54 AM
ऐप पर पढ़ें

मिशन 2019 की तैयारी में लगी कांग्रेस अब दलितों को साधने के लिए एक बार फिर से मैदान में है। भाजपा के दलितों के प्रति बढ़ते प्रेम को देखते हुए कांग्रेस भी दलितों के बीच सक्रिय हो रही है। दलितों के यहां पर जाकर पहले से ही कांग्रेसी नेता खाना खाते रहे हैं, अब वह सभी मंडलों पर दलित सम्मेलनों का आयोजन करने जा रहे हैं। जिसके तहत 22 से 24 अक्तूबर तक प्रदेश के सभी मंडल मुख्यालयों पर दलित सम्मेलनों का आय़ोजन कांग्रेस कर रही है। मेरठ में यह सम्मेलन 22 को और सहारनपुर में 24 अक्तूबर को रखा गया है। इसके अलावा 23 अक्तूबर को दिल्ली में किसान खेत मजदूर कांग्रेस रैली का आयोजन किया गया है। जिसके लिए प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर की ओर से सभी पदाधिकारियों को आमंत्रण भेजा जा चुका है। दलित वोट बैंक इन दिनों सभी सियासी दलों के निशाने पर है। भाजपा ने जहां दलितों केबीच अपनी सक्रियता बढ़ायी है, वहीं उन्हें संगठन में भी अहम पद दिए जा रहे हैं और बूथ कमेटी में भी उन्हें शामिल करते हुए उनका कोटा तय कर दिया गया है। इसके अलावा दलितों के बीच जाकर सहभोज का आयोजन भी भाजपा कर रही है। भाजपा की दलितों के बीच बढ़ती इस सक्रियता से बसपा सुप्रीमो मायावती पहले से ही परेशान हैं और अब कांग्रेस भी दलितों के बीच अपनी सक्रियता बढ़ा रही है। बसपा सुप्रीमो पहले से ही कांग्रेस और भाजपा पर आरोप लगाती रही हैं। कांग्रेस के द्वारा अपने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गये हैं कि वह जनता के बीच जाकर भाजपा के पुराने वादों की याद दिलायें और पूछे कि कितने वादे सरकार में आने के बाद भाजपा ने पूरे किए हैं और केन्द्र व प्रदेश की भाजपा सरकार की नाकामयाबियों को जनता के बीच जाकर बतायें। इसके साथ ही कांग्रेस ने दलित सम्मेलन भी आयोजित किए हैं । कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष इमरान मसूद ने बताया कि यह दलित सम्मेलन 22 से 24 अक्तूबर तक पूरे प्रदेश के सभी 18 मंडल मुख्यालयों पर आयोजित होंगे। इन सम्मेलनों में एससीएसटी एक्ट का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जाएगा। इसके आयोजन की जिम्मेदारी पार्टी के एससी विभाग को सौंपी गई हैं। 22 अक्तूबर को मेरठ, मुरादाबाद, वराणसी, इलाहाबाद, आजमगढ़, फैजाबाद में 23 को अलीगढ़, आगरा, बरेली, कानपुर, बस्ती, गोरखपुर और 24 को सहारनपुर, लखनऊ, झांसी, चित्रकूट, मिर्जापुर, देवीपाटन मंडल में आयोजित होंगे। इसके अलावा किसान राजनीति भी इन दिनों चरम पर है और किसान तथा मजदूर सड़कों पर हैं। जिन्हें लेकर भी कांग्रेस एक रैली आयोजित कर रही है। 23 अक्तूबर किसान खेत मजदूर रैली और संसद घेराव का आयोजन दिल्ली में किया जा रहा है। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष राजबब्बर ने प्रदेश के सभी जिलाध्यक्षों को पत्र भेजकर इस रैली में पहुंचनें के आमंत्रण भेजे हैं। जिसमें अपने क्षेत्र से अधिक से अधिक संख्या में किसानों, मजदूरों को लेकर पहुंचनें के लिए कहा गया है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें