Meerut News: कृषि भूमि के नाम पर लाखों रुपये हड़पे, मुकदमा दर्ज
Meerut News: मेरठ के सतवाई गांव निवासी प्रमोद कुमार ने कृषि भूमि का सौदा करने के नाम पर 66 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि रकम आरटीजीएस और नकद में देने के बावजूद जमीन उनके नाम नहीं की गई और पैसे भी वापस नहीं मिले। एसएसपी से शिकायत के बाद पुलिस ने पिता-पुत्र समेत कई आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

Meerut News: रोहटा थाना क्षेत्र के सतवाई गांव निवासी व्यक्ति ने आधा दर्जन लोगों पर कृषि भूमि का सौदा करने के नाम पर लाखों रुपये हड़पने का आरोप लगाते हुए एसएसपी से शिकायत की। पुलिस ने पिता-पुत्र समेत आधा दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। सतवाई निवासी प्रमोद कुमार ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव शाहपुर जैनपुर निवासी उपेन्द्र सिंह पुत्र बृह्मपाल सिंह ने कृषि भूमि का सौदा तय किया गया था। आरोप है कि भूमि के सौदे के नाम पर अलग-अलग तिथियों में आरटीजीएस और नकद के माध्यम से 66 लाख रुपये की रकम दी गई, लेकिन आरोपित ने रकम लेने के बावजूद न तो जमीन उसके नाम कराई और न ही पैसे वापस किए।
पीड़ित ने बताया कि बार-बार रकम वापस मांगने पर उसे टालमटोल कर परेशान किया गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी उपेन्द्र सिंह पुत्र बृह्मपाल सिंह निवासी शाहपुर जैनपुर, अभिजीत पुत्र उपेन्द्र, राहुल पुत्र अजय, सुशील उर्फ टीटू पुत्र भीम सिंह, निवासी घाट थाना परतापुर, मोहित गुप्ता निवासी गुप्ता कालोनी थाना टीपी नगर, जयराज शर्मा समेत पांच अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। थानाध्यक्ष पूजा पंवार ने बताया कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच कराई जा रही है।


