ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश मेरठमेरठ : हाईटेंशन लाइन ने मचाया कोहराम, बच्चों समेत छह झुलसे

मेरठ : हाईटेंशन लाइन ने मचाया कोहराम, बच्चों समेत छह झुलसे

मेरठ के रिझानी में हुआ दर्दनाक हादसा, एक बच्चे की हालत गंभीर, सभी घायलों को

मेरठ : हाईटेंशन लाइन ने मचाया कोहराम, बच्चों समेत छह झुलसे
Newswrapहिन्दुस्तान टीम,मेरठSun, 12 Nov 2023 01:40 AM
ऐप पर पढ़ें

मेरठ/परतापुर। हिटी

परतापुर के रिझानी गांव में छोटी दिवाली पर बड़ा हादसा हो गया। एक मकान के ऊपर से जा रही हाईटेंशन लाइन में फाल्ट होने से बच्चों समेत छह लोग झुलस गए। सभी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद अफरातफरी मच गई। सूचना देने के बाद भी पीवीवीएनएल का कोई अफसर मौके पर नहीं पहुंचा।

रिझानी में शैलेंद्र भट्ट का मकान है। इस मकान में उन्होंने किराएदार रख रखे हैं। वर्तमान में झारखंड निवासी हीरा अपने परिवार के साथ यहां रह रहा है। शनिवार दोपहर करीब तीन बजे इस मकान के ऊपर से जा रही 33 केवी हाईटेंशन लाइन में फाल्ट हो गया। फाल्ट इतना जबरदस्त था कि कई मकान इसकी जद में आ गए और लोग झुलस गए। चीख पुकार मच गई। आसपास के घरों से लोग बाहर निकल आए और झुलसे हुए लोगों को अस्पताल भिजवाया। इनकी पहचान मिस्ठी पुत्री महावीर (6 माह), अनुराधा (3 वर्ष) पुत्री हीरामणी, विशाल (5 वर्ष), सोलेंद्र (10 वर्ष) पुत्र हीरा और देवंती पत्नी हीरामणी भट्ट के रूप में हुई। इनमें सोलेंद्र की हालत गंभीर बताई जा रही है जो तकरीबन 70 प्रतिशत झुलस गया है। इस दौरान सिलेंडर फटने की भी चर्चा रही। हालांकि किसी ने पुष्टि नहीं की।

कई घरों के उपकरण भी फुंके

हादसे के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। बताया गया है कि हाईटेंशन लाइन में फाल्ट से दर्जनभर घरों के इलेक्ट्रोनिक उपकरण फुंक गए। जिस जगह फाल्ट हुआ, उसके ठीक नीचे दो फुट गहरा गड्ढा भी हो गया। घटना के बाद लोगों में दहशत की स्थिति है।

नहीं पहुंचा पीवीवीएनएल से कोई

हाईटेंशन लाइन में फाल्ट से कई लोगों के झुलसने और घरों के उपकरण फुंकने के बाद पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अफसरों को सूचित किया गया लेकिन किसी ने सुध नहीं ली। बिजलीघर के कर्मचारियों ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि हाइटेंशन लाइन उनके दायरे में नहीं आती है।

लाइन हटाने की उठ रही मांग

रिझानी के लोगों में हादसे के बाद भारी रोष है। घरों के ऊपर से जा रहीं हाईटेंशन लाइन उनकी नाराजगी की वजह है। शनिवार को हादसे के बाद लोगों ने विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और हाईटेंशन लाइन हटाने के लिए दीपावली के बाद अफसरों से मिलने का निर्णय लिया।

कहना इनका...

रिझानी में हाइटेंशन लाइन में हुआ फाल्ट कई घरों तक पहुंच गया, जिसमें कुछ लोग झुलसे हैं। एक किशोर को छोड़कर शेष सभी खतरे से बाहर हैं। गंभीर झुलसे किशोर का इलाज कराया जा रहा है - नरेंद्र सिंह, निरीक्षक (अपराध)

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।
हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें