Meerut News: बॉक्सिंग के फाइनल में पहुंचे अन्नू, सतीश और जनार्दन
Meerut News: मेरठ में चल रही सीनियर पुरुष राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में अन्नू, सतीश कुमार और जनार्दन ने जीतकर फाइनल में जगह बनाई। वाशिक अली अपने मिडिलवेट वर्ग में विजेता रहे, जबकि मेरठ के तीन अन्य मुक्केबाज सेमीफाइनल में हार गए। प्रतियोगिता के तीसरे दिन अर्जुन पुरस्कार विजेता एथलीट पारुल चौधरी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मुकाबलों की शुरुआत कराई।

Meerut News: मेरठ। कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही पं. दीनदयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी सीनियर पुरुष राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में बुधवार को मेरठ के मुक्केबाजों का दबदबा रहा। सेमीफाइनल में अन्नू, सतीश कुमार और जनार्दन ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। बैंटमवेट (50-55 किग्रा) वर्ग में मेरठ के अन्नू ने गोरखपुर के रोहित सिंह को पहले ही राउंड में नॉकआउट कर मुकाबला जीत लिया। वेल्टरवेट (60-65 किग्रा) में सतीश कुमार ने लखनऊ के जितेंद्र प्रताप सिंह को 5-0 से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। हैवीवेट (85-90 किग्रा) में जनार्दन ने झांसी मंडल के आर्यन सोनी के खिलाफ दमदार प्रदर्शन किया। पहले राउंड में उनके आक्रामक प्रहारों के बाद रेफरी ने मुकाबला रोक दिया और जनार्दन को आरएससी के आधार पर विजेता घोषित किया। मिडिलवेट के अपने वर्ग में मेरठ के वाशिक अली विजेता रहे।
अन्य वर्गों के मुकाबले
मेरठ के मिडिलवेट में परमीत पंवार, लाइट हैवीवेट में रिहान और सुपर हैवीवेट में हर्ष सेना को सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा। दूसरे मंडलों की बात करें तो फ्लाईवेट वर्ग में लखनऊ के सूरज तिवारी ने कानपुर के आदित्य को 5-0 से हराया। इसी वर्ग में आगरा के मुस्तकिम ने बरेली के विमल को दूसरे राउंड में आरएससी के आधार पर पराजित किया। लखनऊ के नमन भारती ने वाराणसी के प्रियंशु कुशवाहा को 3-2 से हराया। लाइटवेट वर्ग में आगरा के रोहित यादव ने प्रयागराज के प्रकाश यादव को 5-0 से मात दी। वेल्टरवेट वर्ग में आगरा के करण राजपूत ने अलीगढ़ के मोहम्मद शारिक को पहले राउंड में आरएससी से हराया। लाइट मिडिलवेट वर्ग में सोनभद्र के विनीत चौधरी ने अलीगढ़ के आकाश को दूसरे राउंड में आरएससी से हराया, लखनऊ के रतन सिंह ने कानपुर के कृष्णा को 5-0 से शिकस्त दी। लाइट हैवीवेट वर्ग में अलीगढ़ के चेतन्य गौड़ ने लखनऊ के यथार्थ वर्मा को आरएससी से हराया। क्रूजरवेट वर्ग में अलीगढ़ के आशुतोष चौहान और सेफ अली खान को वॉकओवर मिला।
प्रतियोगिता के तीसरे दिन की शुरुआत
पारुल चौधरी ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
प्रतियोगिता के तीसरे दिन अंतरराष्ट्रीय एथलीट एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता पारुल चौधरी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मुकाबलों की शुरुआत कराई। इस दौरान क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी जितेंद्र यादव, अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता सतीश यादव, पूर्व क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी प्रेम कुमार, जिला ओलंपिक संघ अध्यक्ष अश्वनी गुप्ता, उप क्रीड़ाधिकारी पूजा भट्ट आदि मौजूद रहे।

