
सेना से एनओसी लेकर बनेगा नाला
Meerut News - प्रेमपुरी कॉलोनी के निवासियों को जलभराव की समस्या से जल्द राहत मिलेगी। मेयर हरिकांत अहलूवालिया ने क्षेत्र का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेना से एनओसी प्राप्त कर नाला निर्माण की कार्रवाई की जाए। स्थानीय नागरिकों ने बिना बारिश के जलभराव की शिकायत की है, जिससे बीमारियों का खतरा है।
शहर के जैन नगर स्थित प्रेमपुरी कॉलोनी के निवासियों को जल्द ही जलभराव की समस्या से मुक्ति मिलेगी। शुक्रवार को मेयर हरिकांत अहलूवालिया ने नगर निगम की टीम के साथ क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए। लोगों की शिकायत पर मेयर ने निगम अधिकारियों को सेना से एनओसी प्राप्त कर नाला निर्माण की कार्रवाई कराने को कहा। प्रेमपुरी में बिना बरसात जलभराव को लेकर मेयर ने शिकायत की गई थी। इसको लेकर मेयर, प्रभारी नगर आयुक्त पंकज कुमार, अपर नगर आयुक्त लवी त्रिपाठी आदि के साथ निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने मेयर को बताया कि क्षेत्र में बिना बारिश के ही गंदा पानी जमा रहता है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है।
पाया गया कि नाला निर्माण और जैन मंदिर तिराहे पर पुलिया का पुनर्निर्माण अनिवार्य है, लेकिन नाला निर्माण में सैन्य क्षेत्र की भूमि बाधा बन रही है। इस पर संज्ञान लेते हुए मेयर ने तत्काल लेखपाल को जमीन की पैमाइश (चिह्नीकरण) करने के निर्देश दिए। साथ ही अपर नगर आयुक्त लवी त्रिपाठी को निर्देशित किया कि वह सेना के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर जल्द से जल्द एनओसी प्राप्त करने की कार्रवाई करें। --- दबा हुआ मैनहोल और सड़क का स्वरूप बदलेगा जनता ने शिकायत की कि व्हाइट टॉपिंग सड़क के नीचे सीवर मैनहोल दब गया है, जिससे सफाई नहीं हो पा रही है। मेयर ने प्रभारी जीएम जलकल को रिक्त स्थान पर नया मैनहोल बनाने के निर्देश दिए। वहीं, निर्माणाधीन सड़क के लेवल को लेकर उपजे विवाद पर मेयर ने जनता की मांग को स्वीकार करते हुए इंटरलॉकिंग टाइल्स हटाकर सीसी रोड बनाने की बात कही। निरीक्षण के दौरान प्रभारी नगर आयुक्त, अपर नगर आयुक्त क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक डॉ. अमरपाल सिंह, एई दुष्यंत वत्स और जेई सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




