राहत : मेरठ-मवाना-हस्तिनापुर हाईवे पर दौड़ने लगे वाहन
Meerut News - मवाना नगर के लोगों के लिए राहत की खबर है। मवाना थाने के सामने पुलिया निर्माण के बाद एप्रोच रोड बनाई गई और सोमवार सुबह से हाईवे आम लोगों के लिए खोल दिया गया। इससे मेरठ, बिजनौर और नजीबाबाद जाने वाले लोगों की समस्या समाप्त हो गई।
मवाना नगर और आसपास क्षेत्र के लोगों के लिए एक राहत भरी खबर है। मवाना थाने के सामने लोक निर्माण विभाग द्वारा पुलिया निर्माण के बाद देर रात एप्रोच रोड बनाई गई और सोमवार सुबह सात बजे से हाइवे आम लोगों के लिए खोल दिया गया। सोमवार सुबह से हाईवे पर वाहन दौड़ने लगे। लोगों ने रास्ता खुलने से राहत महसूस की है। थाने के सामने पुलिया निर्माण के चलते 16 मार्च से मेरठ-मवाना-हस्तिनापुर हाईवे को पूरी तरह से वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया था। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड की ओर से 16 मार्च की सुबह नौ बजे से पुलिया को तोड़ने व नाले के पानी की निकासी को डाइवर्ट कर ह्यूम पाइप लगाए गए थे।
दैनिक यात्रियों ने कहा कि उन्हें मेरठ जाने और वहां से वापस आने में भारी परेशानी उठानी पड़ रही थी। पुलिया का निर्माण पूरा होने के बाद हाईवे खुल जाने से मवाना, बिजनौर, नजीबाबाद जाने वाले व आसपास क्षेत्र के लोगों की समस्या खत्म हो गई। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के सहायक अभियंता श्रवण पाल सिंह ने बताया कि रविवार रात ठेकेदार ने पुलिया की एप्रोच रोड बना दी थी। मंगलवार कोक मवाना में आंबेडकर जयंती पर शोभायात्रा निकाली जायेगी। इस कारण से हाईवे को सोमवार सुबह से खोल दिया गया है। एप्रोच रोड जल्द पक्की कर दी जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


