मेरठ। वरिष्ठ संवाददाता
नौचंदी थाना क्षेत्र के कल्याणनगर में सोमवार को छत पर कपड़े सुखाने गई एक महिला से छेड़छाड़ की गई। विरोध करने पर उसकी मासूम बेटी को गला पकड़कर लटका दिया गया। महिला के पति का सिर फोड़ दिया। पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर दी है।
पीड़ित महिला के अनुसार, मोहल्ले के कुछ लोग उस पर गलत निगाह रखते हैं। वह आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। नौचंदी थाने में उनके खिलाफ तमाम शिकायतें हैं। पीड़िता ने बताया कि सोमवार दोपहर वह बेटी के साथ छत पर कपड़े सुखाने गई थी। इसी दौरान आरोपी उसकी छत पर आ गए। हाथ पकड़कर उसे अपनी छत पर ले जाने लगे। बच्ची ने शोर मचाया तो आरोपियों ने उसका गला पकड़ लिया और छत से लटका दिया। शोरशराबा सुनकर महिला का पति छत पर आ गया। आरोप है कि आरोपियों ने रॉड मारकर उसका सिर फोड़ दिया। पीड़िता के देवर ने कई लोगों को नामजद करते हुए थाना नौचंदी पर तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तेरा पति काला है, मुझसे फ्रेंडशिप कर ले...
मेरठ। मेडिकल थाना क्षेत्र में पटेलनगर की एक महिला सिरफिरे मनचले से परेशान है। मनचला महिला से कहता है कि उसका पति काला है, इसलिए उसके साथ फ्रेंडशिप कर ले। पीड़िता के अनुसार, उसने विरोध किया तो आरोपी ने उससे छेड़छाड़ की। पीड़िता ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि शिकायत से गुस्साए आरोपी ने अपने साथियों संग मिलकर पति की पिटाई की। पीड़िता ने थाने में आरोपी के विरुद्ध तहरीर दी है।