मवाना खुर्द चौकी के नजदीक तार चोरों का धावा, 890 मीटर तार ले उड़े
मवाना खुर्द में बिजली लाइन चोरी की एक बड़ी घटना हुई है। बदमाशों ने 890 मीटर हाईटेंशन तार काटकर चुरा लिए, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हुई और किसानों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

क्षेत्र में बिजली लाइन चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। मवाना खुर्द चौकी से करीब बदमाश हाईटेंशन लाइन के सैकड़ों मीटर तार काटकर ले गए। घटना से न केवल बिजली आपूर्ति बाधित हुई है, बल्कि क्षेत्र के किसानों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र निलोहा से संचालित हाईटेंशन लाइन पर चोरों ने शुक्रवार रात अंधेरे में हाथ साफ कर दिया। बदमाश लगभग 890 मीटर तार काटकर ले गए, जिससे विभाग को करीब 1.10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। तार चोरी होने के कारण कई क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई।
सबसे अधिक असर किसानों पर पड़ा है, जिनकी फसलों की सिंचाई बिजली पर निर्भर है। धान समेत अन्य फसलों के लिए इस समय सिंचाई जरूरी होने के कारण किसान परेशान नजर आ रहे हैं।घटना स्थल पुलिस चौकी से बेहद कम दूरी पर होने के कारण स्थानीय लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि चौकी के निकट इतनी बड़ी चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और बिजली लाइनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। बिजली विभाग के कर्मचारी जय प्रदीप गुप्ता ने मामले में थाने में तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


