Meerut News: मेरठ को हरा काशी बनी प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम
Meerut News: कप्तान करन शर्मा और उपेंद्र यादव की शानदार पारियों के दम पर काशी रुद्रास ने मेरठ मेवरिक्स को 56 रन से हराकर प्लेऑफ में जगह पाई। काशी ने 175 रन बनाए, जबकि मेरठ की टीम 119 रन पर ढेर हो गई। अब क्वालीफायर-1 में उनका सामना लखनऊ फाल्कंस से होगा।

Meerut News: कप्तान करन शर्मा (57 रन) और उपेंद्र यादव (57 रन) की शानदार पारी और गेंदबाजों के शानदार प्रर्दशन की बदौलत पिछले सीजन की चैम्पियन काशी रुद्रास ने लीग के अपने आखिरी मुकाबले में नंबर वन चल रही मेरठ मेवरिक्स को 56 रन से हराकर प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बन गई है। इस मुकाबले में काशी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 175 रन बनाए। जवाब में मेरठ की टीम 19.2 ओवर में 119 रन पर ढेर हो गई। प्लेऑफ में पहुंचने वाली चारों टीमें फाइनल होने के बाद मेरठ मेवरिक्स 15 अंक लेकर पहले स्थान पर रही। अब क्वालीफायर-1 में उसका सामना 13 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर लखनऊ फाल्कंस से होगा। वहीं, एलिमिनेटर में दस अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही काशी रुद्रास का सामना इतने ही अंक के साथ चौथे स्थान पर रही नोएडा सुपरकिंग्स से होगा。
बैटिंग की शुरुआत
ग्रीनपार्क स्टेडियम में मंगलवार को पहले बल्लेबाजी करने उतरी काशी रुद्रास की शानदार शुरुआत रही। कप्तान करन शर्मा और विराट जायसवाल ने पहले विकेट के लिए 75 रन की शानदार साझेदारी की। 8.2 ओवर में यश गर्ग ने विराट (33 रन) को आउट कर पहला झटका दिया। नए बल्लेबाज सक्षम राय पांच रन बनाकर आरुष गोयल की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। कप्तान करन शर्मा 57 रन पर विशाल चौधरी का शिकार हुए। करन ने 40 गेंद की पारी में छह चौके व तीन छक्के लगाए। 105 रन पर तीसरा विकेट गिरने के बाद उपेंद्र यादव और शुभम चौधरी (नाबाद 15 रन) ने टीम को 20 ओवर में 175 रन पर तक पहुंचाया। उपेंद्र पारी की अंतिम गेंद पर कुणाल यादव की गेंद पर कैच आउट हुए। उन्होंने 29 गेंद में चार चौकों व पांच छक्कों की मदद से 57 रन की धुआंधार पारी खेली। मेरठ की ओर से विशाल चौधरी, कुणाल यादव, यश गर्ग और आरुष गोयल ने एक-एक विकेट लिया।
मेरठ की बल्लेबाजी
जवाब में खेलने उतरी मेरठ की शुरुआत काफी खराब हुई। 27 रन पर टीम के चार बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। इसमें ओपनर स्वास्तिक चिकारा (0) और अक्षय दुबे (2 रन) को कार्तिक यादव ने आउट किया। ऋतुराज शर्मा एक रन बनाकर रन आउट हुए और कप्तान दिव्यांश जोशी 19 रन पर अटल बिहारी राय का शिकार बने। संदीप तोमर (29 रन), दिव्यांश राजपूत (39 रन) और दिनेश कुमार (14 रन) ने टीम को संभालने की कोशिश की लेकिन काशी के गेंदबाजी के आगे सफल नहीं हो सके। पूरी टीम 19.2 ओवर में 119 रन पर ढेर हो गई। कार्तिक त्यागी सात रन बनाकर नाबाद लौटे। काशी की ओर से ऋषभ राजपूत और कार्तिक यादव ने 3-3, अटल बिहारी राय ने दो और संगम सिंह ने एक विकेट लिया।
स्कूली बच्चों का उत्साह
....................
चौकों-छक्कों संग दिखा स्कूली बच्चों का उत्साह
फोटो
कानपुर, प्रमुख संवाददाता। ग्रीनपार्क स्टेडियम में मंगलवार को यूपी टी-20 लीग सीजन-4 का 29वां मैच काशी रुद्रास और मेरठ मेवरिक्स के बीच खेला गया। मैच में एक ओर जहां चौके-छक्के लग रहे थे, वहीं दूसरी ओर बिल्हौर के उत्तरीपुरा स्थित एशिया स्कूल के स्कूली बच्चों का उत्साह व जोश छाया हुआ था। स्कूल के चेयरमैन अवकाश सिंह, डायरेक्टर राजेश बाजपेई के साथ करीब 100 बच्चे मैच का आनंद लेने आए थे। बच्चों का उत्साह देख लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर भी डायरेक्टर पवेलियन पहुंचे और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान 25 बच्चों ने क्विज कॉम्प्टीशन में हिस्सा लेकर इनाम भी जीता।


