अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अन्नू रानी और पति साहिल पर हर्ष फायरिंग का मुकदमा

अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अन्नू रानी और पति साहिल पर हर्ष फायरिंग का मुकदमा

संक्षेप:

Meerut News - मेरठ में अंतरराष्ट्रीय भाला फेंक खिलाड़ी अन्नू रानी और उनके पति साहिल भारद्वाज पर शादी के अगले दिन हर्ष फायरिंग का मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने शादी समारोह में मस्कट बंदूक से फायरिंग की थी। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की और हथियार के मालिक का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

Nov 20, 2025 02:17 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मेरठ
share

मेरठ। अंतरराष्ट्रीय भाला फेंक (जेवलिन थ्रो) खिलाड़ी अन्नू रानी और उनके पति राष्ट्रीय किक बॉक्सिंग खिलाड़ी साहिल भारद्वाज पर शादी के एक दिन बाद ही बुधवार को हर्ष फायरिंग का मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों ने मंगलवार को शादी समारोह में मंच से ही मस्कट बंदूक से फायरिंग की थी। इसकी वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। इसका संज्ञान लेते हुए पुलिस ने सरधना थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। यह जांच भी की जा रही है कि फायरिंग के लिए इस्तेमाल राइफल किसकी थी। सरधना के बहादरपुर गांव निवासी अन्नू रानी अंतरराष्ट्रीय जैवलिन थ्रोअर हैं।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

18 नवंबर को उनकी शादी रोहतक निवासी साहिल भारद्वाज के साथ हुई थी। इस दौरान स्टेज पर ही अन्नू और साहिल ने मस्कट/राइफल से दो राउंड हवाई फायर किया। वरमाला के बाद साहिल ने 10 रुपये के नोटों की गड्डी भी अन्नू के ऊपर उछाली। हर्ष फायरिंग करते हुए अन्नू और साहिल का वीडियो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। एसएसपी मेरठ डॉ. विपिन ताडा के आदेश पर बुधवार को सरधना थाने में अन्नू रानी और उनके पति साहिल के खिलाफ सरधना थाने में तैनात दरोगा अतुल कुमार ने मुकदमा दर्ज कराया। बीएनएस की धारा 125(लापरवाही से दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाले कार्यों के लिए दंड) समेत आयुध अधिनियम की धारा 25 और 30 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस पता कर रही, किसका है हथियार पुलिस इस मामले में पता कर रही है कि आखिर हथियार किसका था? इस संबंध में थाना पुलिस को पूछताछ और कार्रवाई के लिए लगाया गया है। इस मामले में दर्ज मुकदमे की धाराओं के अनुसार अवैध रूप से मस्कट बंदूक का उपयोग करने पर आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत न्यूनतम 3 साल की सजा हो सकती है। बीएनएस की धारा 125 के तहत तीन माह सजा और जुर्माना हो सकता है। पहले भी कई चर्चित मामले आए सामने मेरठ में ही पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री मुकेश सिद्धार्थ और उनके बेटे पर भी शादी समारोह में हर्ष फायरिंग करने का मुकदमा लालकुर्ती थाने में दर्ज कराया गया था। इसके बाद मुकेश सिद्धार्थ की तलाश में कई दिनों तक पुलिस दबिश देती रही थी। इसके अलावा एक माह पूर्व शादी समारोह के दौरान हापुड़ रोड पर भी हर्ष फायरिंग की गई थी। तीन दिन पहले रालोद जिलाध्यक्ष मतलूब गौड के भाइयों की जेल से रिहाई पर भी आतिशबाजी और हर्ष फायरिंग की गई थी। अन्नू रानी और उनके पति द्वारा हर्ष फायरिंग करने का वीडियो सामने आया था। वीडियो की जांच कराई गई और सत्यता पाए जाने के बाद मुकदमा दर्ज कराया गया है। बाकी जांच और कार्रवाई के लिए सीओ सरधना व सरधना पुलिस को लगाया गया है। डॉ. विपिन ताडा, एसएसपी मेरठ