घरेलू गैस सिलेंडर आपूर्ति पर सख्ती, 25 दिन बाद हो सकेगी बुकिंग
Meerut News - मेरठ में घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के दाम बढ़ने के बाद, गैस सिलेंडर की बुकिंग अवधि को 15 दिनों से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है। सभी एलपीजी उपभोक्ताओं को गैस रिफिल बुकिंग के लिए अब 25 दिनों का इंतजार करना होगा। अनधिकृत स्तर पर गैस सिलेंडरों की खरीद-फरोख्त पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने के बाद अब घरेलू गैस सिलेंडर आपूर्ति पर भी सख्ती की गई है। गैस एजेंसियों ने अब गैस सिलेंडर की बुकिंग को 15 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया है। इस संबंध में मंगलवार को जिला पूर्ति अधिकारी विनय कुमार सिंह की अध्यक्षता में आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल (एलपीजी) विपणन/आपूर्ति शाखा के समस्त रीजनन सेल्स अधिकारियों के साथ बैठक की गयी। विनय कुमार सिंह ने बताया कि गैस कंपनियों के क्षेत्रीय सेल्स अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद मेरठ के सभी एलपीजी उपभोक्ताओं को एलपीजी घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति शत-प्रतिशत करायी जा रही है।
ऑयल कम्पनियों के स्तर से एलपीजी गैस के भंडारण एवं आमजन को उपभोक्ता कनेक्शनों के सापेक्ष एलपीजी आपूर्ति के लिए पर्याप्त भंडारण है। वर्तमान में समस्त एलपीजी उपभोक्ताओं को एलपीजी रिफिल प्राप्त किये जाने के बाद 25 दिनों के पश्चात ही अग्रिम एलपीजी रिफिल की व्यवस्था सुनिश्चित की गयी है। समस्त एलपीजी उपभोक्ता संबंधित अधिकृत एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर से मोबाईल के द्वारा अथवा ’स्मार्ट बुकिंग मोड ऐप के माध्यम से ही गैस रिफिल बुक कराकर नियमानुसार गैस रिफिल प्राप्त करें और अग्रिम एलपीजी रिफिल बुकिंग 25 दिनों बाद ही करें। एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर/गैस कम्पनी के अधिकृत वैंडरों/हॉकर्स के माध्यम से ही गैस सिलेंडर रिफिल प्राप्त करें। किसी अन्य अनाधिकृत स्रोतों/दलालों के माध्यम से एलपीजी सिलेंडरों की खरीद-फरोख्त न करें। यदि अनाधिकृत स्तर पर एलपीजी सिलेंडरों की खरीद-फरोख्त एवं भंडारण किया जाना पाया जाता है तो ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जायेगी। -----------------------जनपद में 80 गैस एजेंसियों पर करीब 10 लाख एलपीजी उपभोक्ता मेरठ जनपद में आईओसीएल, एचपीसीएल और बीपीसीएल की 80 गैस एजेंसी संचालित है, जिन पर करीब 10 लाख गैस उपभोक्ता है। इसमें से करीब 2 लाख उज्जवला गैस उपभोक्ता हैं। एलपीजी गैस के जिला नोडल अधिकारी पुष्पेंद्र निमेष का कहना है कि जनपद में गैस उपभोक्ताओं के सापेक्ष पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर उपलब्ध है। कहीं कोई परेशानी नहीं है। अब एक सिलेंडर के बाद दूसरे सिलेंडर की बुकिंग 25 दिन बाद ही की जा सकेगी। सभी एजेंसियों का इसका कड़ाई से पालन करना होगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


