अवैध रूप से संचालित विद्यालय कराया बंद
Meerut News - क्षेत्र के गांव मोड खुर्द में बिना मान्यता के चल रहे बाल शिशु स्कूल को शिक्षा विभाग ने बंद कर दिया। ग्रामीणों की शिकायतों के आधार पर विभाग ने निरीक्षण किया और पाया कि स्कूल अवैध रूप से संचालित हो रहा था। स्कूल संचालक को भविष्य में बिना मान्यता के गतिविधियाँ न करने की चेतावनी दी गई है।

क्षेत्र के गांव मोड खुर्द में अवैध रूप से संचालित एक बाल शिशु स्कूल पर खंड शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए उसे तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया। यह कार्रवाई ग्रामीणों की लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर की गई। खंड शिक्षा अधिकारी कमल दास सिंह ने बताया कि गांव मोड़ खुर्द में पिछले कई वर्षों से बिना मान्यता के एक बाल शिशु स्कूल संचालित किया जा रहा था। ग्रामीणों द्वारा इसकी शिकायत लगातार विभाग को दी जा रही थी, जिसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर निरीक्षण किया गया। शनिवार को निरीक्षण के दौरान पाया गया कि स्कूल बिना किसी वैध अनुमति और मान्यता के चल रहा था।
मौके पर करीब 40 से 50 छोटे बच्चे मौजूद मिले, जिन्हें पढ़ाया जा रहा था। स्कूल में अंजू निवासी मवाना बच्चों को पढ़ाती मिलीं, जो इस संस्थान का संचालन भी कर रही थीं।खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि नियमों के उल्लंघन को देखते हुए तत्काल प्रभाव से स्कूल को बंद करा दिया गया। साथ ही संचालक को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि भविष्य में बिना मान्यता के इस प्रकार की गतिविधि न की जाए, अन्यथा कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने बताया कि गांव में ही प्राथमिक विद्यालय नंबर 1 व प्राथमिक विद्यालय नंबर 2 सरकार द्वारा चलाए जा रहे हैं, वहीं अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे अपने बच्चों का दाखिला केवल मान्यता प्राप्त स्कूलों में ही कराएं, ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित रह सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


