
शराबी युवक ने पत्नी को पीटा, खोलता हुए तेल उड़ेला
Meerut News - सरधना के मोहल्ला कस्साबान में एक युवक ने शराब के नशे में अपनी पत्नी को पीटा और उसके ऊपर गर्म तेल उड़ेल दिया, जिससे महिला झुलस गई। मोहल्ले के लोगों ने उसकी मदद की। पीड़िता ने पति और ससुराल वालों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सरधना। नगर के मोहल्ला कस्साबान में एक युवक ने शराब के नशे में अपनी पत्नी को पहले पीटा फिर उसके ऊपर खोलता हुआ तेल उड़ेल दिया। इसमें महिला के हाथ और पांव झुलस गए। चीख पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग आए तो आरोपी फरार हो गया। परिजनों के साथ थाने पहुंची पीड़िता ने पुलिस को मामले से अवगत कराया और पति सहित ससुराल वालों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस जांच में जुट गई थी। कोताना बागपत निवास तबस्सुम पुत्री कालू की शादी छह वर्ष पूर्व सरधना के मोहल्ला कस्साबान में हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए उसका उत्पीड़न कर रहे हैं।
तबस्सुम ने बताया कि शादी के बाद से कम दहेज को लेकर पति तथा ससुराल वाले उसका उत्पीड़न कर रहे हैं। आरोप है कि सोमवार दोपहर उसका पति शराब पीकर घर आया। पति ने आते ही उसे गालियां देनी शुरू कर दी। साथ ही परिजनों को फोन कराकर दो लाख रुपये मंगवाने का दबाव बनाया। उसने विरोध किया तो पति ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि पति ने रसोई में चूल्हे पर खोल रहा गर्म तेल का पतीला उसके ऊपर उड़ेल दिया। उसने किसी तरह अपनी जान बचाई। तेल उसके हाथ तथा पांव पर गिरा, जिससे वह झुलस गई। चीख पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग वहां आए, जिन्होंने उसकी जान बचाई। पीड़िता ने परिजनों को इसकी सूचना दी। परिजन तुरंत वहां आ गए। वे उसे थाने लेकर पहुंचे जहां उन्होंने पति तथा अन्य ससुराल वालों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




