Meerut News: सरधना में हाईटेक कंट्रोल रूम से होगी कांवड़ मार्गों की 24 घंटे निगरानी
Meerut News: कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सुरक्षा के लिए हाईटेक कंट्रोल रूम तैयार किया गया है। इसमें 80 सीसीटीवी कैमरों से चौबीसों घंटे निगरानी की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत अधिकारियों को दी जाएगी। कंट्रोल रूम में कर्मचारियों की तीन शिफ्टों में ड्यूटी लगाई गई है।

Meerut News: कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए तहसील परिसर में हाईटेक कंट्रोल रूम तैयार कर लिया गया है। इस कंट्रोल रूम से तहसील क्षेत्र के तीनों प्रमुख कांवड़ मार्गों पर लगे करीब 80 सीसीटीवी कैमरों के जरिए चौबीसों घंटे लाइव निगरानी की जाएगी। जाम, दुर्घटना, संदिग्ध गतिविधि या किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुंचाई जाएगी, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके। एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने बताया कि चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग, एनएच-58 और सरधना-पाली कांवड़ पटरी मार्ग पर कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। आगामी दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना को देखते हुए निगरानी व्यवस्था को और दुरुस्त किया जा रहा है।
कंट्रोल रूम की तकनीकी व्यवस्था
उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम में इंटरनेट के माध्यम से तीनों मार्गों पर लगे लगभग 80 सीसीटीवी कैमरों को चार बड़ी एलईडी स्क्रीन से जोड़ा गया है। इन स्क्रीन पर पूरे कांवड़ मार्ग की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी। यदि कहीं जाम, हादसा या अन्य कोई समस्या दिखाई देती है तो संबंधित थाना, पुलिस पिकेट और प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
कर्मचारियों की तैनाती
कंट्रोल रूम के संचालन के लिए कर्मचारियों की तीन शिफ्टों में ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक शिफ्ट में तीन कर्मचारी तैनात रहेंगे, जो कैमरों की फुटेज की निगरानी के साथ सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान करेंगे। एसडीएम ने बताया कि कंट्रोल रूम का प्रभारी नायब तहसीलदार को बनाया गया है। कंट्रोल रूम की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और देर शाम तक कंट्रोल रूम का संचालन शुरू होने की उम्मीद है।


