Meerut News: मवाना में तीन घंटे मूसलधार बारिश, हाईवे से गलियां तक जलमग्न
Meerut News: शनिवार सुबह मवाना नगर में मूसलधार बारिश के चलते स्थिति बुरी तरह बिगड़ गई। तीन घंटे की तेज बारिश के बाद कई सड़कों और गलियों में दो फुट से अधिक पानी भर गया। घरों में भी पानी घुसने से नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। 30 साल बाद इतनी भारी बारिश देखी गई।
Meerut News: शनिवार सुबह करीब 5:30 से शुरू होकर 8:30 बजे हुई मूसलधार बारिश ने मवाना नगर और आसपास के क्षेत्र की व्यवस्था पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दी। करीब तीन घंटे तक लगातार हुई तेज बारिश के दौरान तेज गरज के साथ आसमान में घने बादल छाए रहे। बारिश इतनी तेज थी कि दिन निकलते ही क्षेत्र में अंधेरा छा गया और लोगों को वाहनों की लाइट जलाकर आवागमन करना पड़ा। लगातार बारिश के चलते मेरठ हाईवे, पौड़ी मार्ग, फलावदा मार्ग और किला-किठौर मार्ग पर कई स्थानों पर दो फुट से अधिक पानी भर गया। सड़कें जलमग्न होने के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगह वाहन पानी के बीच बामुश्किल निकल सके। सुबह की बारिश के बाद मवाना का मेरठ हाईवे, पौड़ी मार्ग और फलावदा-किला-किठौर मार्ग सहित नगर की गलियां जलमग्न नजर आईं। कई स्थानों पर सड़क और नाले का अंतर तक दिखाई नहीं दे रहा था। जलभराव के कारण पैदल निकलना भी मुश्किल रहा। सुबह के समय मार्गों पर जलभराव होने से यातायात भी प्रभावित रहा।
बारिश का प्रभाव
बारिश का सबसे अधिक असर मवाना नगर के मोहल्लों में दिखाई दिया। हाईवे और प्रमुख मार्गों के अलावा नगर की अधिकांश गलियां पानी से लबालब हो गईं। लोगों के मुताबिक, नगर क्षेत्र में चारों ओर पानी ही पानी दिखाई दे रहा था। कई निचले इलाकों में बारिश का पानी घरों के अंदर तक पहुंच गया। मोहल्ला काबलीगेट, अशोक विहार, लाल बहादुर शास्त्री कालोनी और ढोलापुरी में कई मकानों में बारिश का गंदा पानी घुस गया। बारिश बंद होने के बाद भी जलभराव की स्थिति बनी रही। कई परिवारों को घरों में घुसे पानी को बाहर निकालने के लिए घंटों मशक्कत करनी पड़ी। लोगों को बाल्टी, मोटर और अन्य साधनों से घरों से पानी निकालते देखा गया।
लोगों की परेशानी
तीन घंटे तक घरों में कैद रहे लोग, बाजार भी हुआ प्रभावित
बारिश रुकने के बाद भी नगर की गलियों में जलभराव कम नहीं हुआ। नागरिकों के अनुसार, बारिश बंद होने के करीब तीन घंटे तक कई परिवार अपने घरों से बाहर नहीं निकल सके। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ी। घरों के बाहर पानी भरने के कारण जरूरी काम से निकलने वाले लोग भी काफी देर तक इंतजार करते रहे। मेरठ हाईवे और आसपास के मार्गों पर पानी भरे होने का असर मवाना के बाजार पर भी पड़ा। सामान्य दिनों में सुबह खुलने वाली कई दुकानें जलभराव और आवागमन प्रभावित होने के कारण दोपहर करीब एक बजे तक नहीं खुल सकीं। दुकानदारों का कहना था कि सुबह से ही रास्तों पर पानी भरा होने और ग्राहकों के नहीं पहुंच पाने के कारण बाजार की गतिविधियां प्रभावित रहीं।
30 साल बाद इतनी बारिश का दावा
क्षेत्र के बुजुर्ग और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मवाना और आसपास के क्षेत्र में करीब 30 वर्ष बाद इतनी अधिक और लगातार बारिश देखने को मिली है। सुबह थोड़े समय में ही जिस तरह प्रमुख मार्गों और नगर की गलियों में पानी भर गया, उससे लोगों को वर्षों पुरानी भारी बारिश की याद आ गई। लगातार तीन घंटे हुई बारिश ने नगर की जल निकासी व्यवस्था की भी पोल खोल दी। कई इलाकों में बारिश का पानी घंटों जमा रहा। नागरिकों ने नगर की नालियों और जल निकासी व्यवस्था की सफाई एवं सुधार की मांग की है। उधर पालिका चेयरमैन अखिल कौशिक ने कहा कि शनिवार सुबह से मवाना व उसके पास के सभी नगरों में तेज बारिश हुई। सभी जगह पर जलभराव जैसे हालात पैदा हो गये। नगर में सभी स्थानों पर पानी-पानी दिखाई दिया लेकिन बारिश रूकने के दो घंटे बाद पानी नालियों से नालों में चला गया। धीरे-धीरे सभी रास्तों से पानी उतर गया।
बिजली की समस्या
मेरठ रोड बिजलीघर में पानी भरा
तेज बारिश के चलते मेरठ रोड बड़ा महादेव के सामने बिजलीघर में बारिश का पानी भर गया। बिजलीघर में रखे ट्रांसफार्मर तक पानी पहुंच गया। सूचना मिली के मवाना पुलिस चौकी और मोहल्ला वीरनगर में खंभों में करंट आ रहा है। बिजली कर्मियों ने कई घंटे मशक्कत के बाद करंट तलाश। बारिश रूकने के बाद तीन घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। अवर अभियंता सीएस मौर्य ने बताया कि बारिश व खंभों में करंट आने की सूचना के चलते बिजली आपूर्ति कई घंटे प्रभावित हुई।


