
सुबह से शाम तक गणपति के जयकारों से गूंजा शहर
Meerut News - शहर में गणेश उत्सव के दौरान विभिन्न स्थानों से विसर्जन यात्रा निकाली गई। भक्तों ने गणपति बप्पा के जयकारे लगाए और पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही। श्रद्धालुओं ने विधिपूर्वक गणपति जी को विसर्जित किया।...
शहर में गणेश उत्सव के तहत विभिन्न स्थानों से विसर्जन यात्रा निकाली गई। सुबह से शाम तक गणपति बप्पा के जयकारें गूंजते रहे। गणपति बप्पा मोरया अगले बसर तू जल्दी आ जैसे भजनों पर भक्त झूमते रहे। शहर के अलग-अलग स्थानों से निकाली गई विसर्जन यात्राओं के चलते पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही। श्रद्धालुओं ने भोले की झाल, नानू की नहर और शुक्रताल तीर्थ पर विधि-विधान से गणपति जी को विसर्जन कर विदा किया। गणेश चतुर्थी महोत्सव का शनिवार को समापन हो गया। सदर तेली मोहल्ले में पंडाल में श्री गणपति सेवा समिति द्वारा विराजमान गणपति जी को शनिवार को विसर्जन यात्रा निकालकर विदा किया गया।

गणपति बप्पा के जयकारों से सदर क्षेत्र गूंज गया। यात्रा का जगह-जगह महिलाओं ने स्वागत कर गणेश जी की आरती की और आशीर्वाद लिया। यात्रा सदर तेली मोहल्ले से शुरू होकर सदर क्षेत्र का भम्रण करने के बाद शुक्रताल तीर्थ पहुंची। जहां पर श्रद्धालुओं ने गणपति जी को विसर्जित किया। इस दौरान गुलशल चढ्ढा, उत्कर्ष, मनीषा, रेखा कश्यप, पूनम भसीन आदि मौजूद रहे। खंदक बाजार प्राचीन शिव मंदिर हनुमान गली में सिद्धिविनायक सेवा समिति द्वारा गणपति बप्पा को हरिद्वार ले जाया गया। हरिद्वार में गणपति बप्पा को स्नान कराने के बाद वापस मंदिर लाकर विराजमान कराया। आदर्श नगर स्थित श्री सिद्धि विनायक गणपति मंदिर कल्याणी में मनाए जा रहे 26वें वार्षिकोत्सव का शनिवार को समापन किया गया। मंदिर पुजारी पंडित गणेश ठाकुर ने पूजन कराया। श्रद्धालुओं ने अबीर गुलाल के साथ गणपति बप्पा को रथ पर विराजमान कर भम्रण कराया। भम्रण के बाद नानू की नहर पर गणपति को विसर्जित किया। जेलचुंगी रोड यादगारपुर चौकी के पास से श्री गणेश समिति यादगारपुर के तत्वावधान में विसर्जन यात्रा निकाली। यादगारपुर चौकी के पास पंडाल में विराजमान गणपति बप्पा की पूजा की गई। दोहपर बाद विजर्सन यात्रा निकाली। साकेत प्रभात नगर से निकाली गई विजर्सन यात्रा के चलते पूरा क्षेत्र जाम हो गया। भक्त नाचते गाते चल रहे थे। शहर में गंगानगर, जेलचुंगी, बेगमबाग, कसेरुखेडा, कंकरखेडा, माधवपुरम के साथ ही कई जगह से शनिवार को भगवान गणेश की विसर्जन यात्रा निकाली और विधि विधान से गणपति बप्पा को विसर्जित किया। --------------------------------------------- पुलिस ने डीजे रुकवाकर बेस कराया बंद साकेत में शनिवार को निकल रही विसर्जन यात्रा के दौरान तेज आवाज में बज रहे डीजे को पुलिस ने बंद कराया। इस दौरान पुलिस और समिति के लोगों में कहासुनी हुई। शनिवार को यादगारपुर गणेश समिति द्वारा निकाली गई विसर्जन यात्रा में तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। पुलिस ने कहा कि आसपास के सेंटरों पर परिक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। पुलिस ने बेस बंद कराकर सामान्य आवाज में डीजे बजाकर यात्रा को निकालने की अनुमति दी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


