ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश मेरठ13 को सजधज कर आएंगे गणपति बप्पा

13 को सजधज कर आएंगे गणपति बप्पा

गणपति बप्पा 13 सितंबर को सजधज कर आएंगे। शहर के मंदिरों और धार्मिक संगठनों ने गणपति बप्पा के स्वागत की तैयारी कर ली है। 13 सितंबर गुरुवार को घरों में गणपति बप्पा स्थापित किए जाएंगे। बिल्वेश्वर महादेव...

13 को सजधज कर आएंगे गणपति बप्पा
हिन्दुस्तान टीम,मेरठWed, 12 Sep 2018 01:42 AM
ऐप पर पढ़ें

गणपति बप्पा 13 सितंबर को सजधज कर आएंगे। शहर के मंदिरों और धार्मिक संगठनों ने गणपति बप्पा के स्वागत की तैयारी कर ली है। 13 सितंबर गुरुवार को घरों में गणपति बप्पा स्थापित किए जाएंगे। बिल्वेश्वर महादेव सदर के प्राचार्य और संस्कृत विद्वान पंडित चिंतामणि जोशी ने बताया कि भारत में कुछ त्योहार धार्मिक पहचान के साथ-साथ क्षेत्र विशेष की संस्कृति के परिचायक भी हैं। जिस तरह पश्चिम बंगाल की दूर्गा पूजा आज पूरे देश में प्रचलित हो चुकी है। उसी प्रकार महाराष्ट्र में धूमधाम से मनाई जाने वाली गणेश चतुर्थी का उत्सव भी पूरे देश में मनाया जाता है। मंदिरों में भी गणपति की मूर्तियों को सजाया जा रहा है।

कब से कब तक मनाया जाता है गणेशोत्सव

भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी से गणेश जी का उत्सव गणपति प्रतिमा की स्थापना कर उनकी पूजा से आरंभ होता है और लगातार दस दिनों तक घर में रखकर अनंत चतुर्दशी के दिन बप्पा की विदाई की जाती है। इस दिन ढोल नगाड़े बजाते हुए, नाचते गाते हुए गणेश प्रतिमा को विसर्जन के लिये ले जाया जाता है। विसर्जन के साथ ही गणेशोत्सव की समाप्ति होती है।

गणेश चतुर्थी को क्यों कहते हैं डंडा चौथ

सूरजकुंड स्थित बाबा मनोहरनाथ मंदिर की पीठाधीश्वर नीलिमानंद महाराज ने बताया कि गणेश जी को ऋद्धि-सिद्धि व बुद्धि का दाता भी माना जाता है। मान्यता है कि गुरु शिष्य परंपरा के तहत इसी दिन से विद्याध्ययन का शुभारंभ होता था। इस दिन बच्चे डंडा बजाकर खेलते भी हैं। इसी कारण कुछ क्षेत्रों में इसे डंडा चौथ भी कहते हैं।

कैसे करें गणेश प्रतिमा की स्थापना व पूजा

गणेश चतुर्थी के दिन प्रात:काल स्नानादि से निवृत होकर गणेश जी की प्रतिमा बनाई जाती है। यह प्रतिमा सोने, तांबे, मिट्टी या गाय के गोबर से अपने सामर्थ्य के अनुसार बनाई जा सकती है। इसके पश्चात एक कोरा कलश लेकर उसमें जल भरकर उसे कोरे कपड़े से बांधा जाता है। इसके बाद गणेश प्रतिमा की स्थापना की जाती है। इसके बाद प्रतिमा पर सिंदूर चढ़ाकर षोडशोपचार कर उसका पूजन किया जाता है। गणेश जी को दक्षिणा अर्पित कर उन्हें 21 लड्डूओं का भोग लगाया जाता है। गणेश प्रतिमा के पास पांच लड्डू रखकर बाकी ब्राह्मणों में बांट दिये जाते हैं। गणेश जी की पूजा सांय के समय करनी चाहिए। पूजा के बाद दृष्टि नीची रखते हुए चंद्रमा को अर्घ्य दिया जाता है। मान्यता है कि इस दिन चंद्रमा के दर्शन नहीं करने चाहिए। इसके पश्चात ब्राह्मणों को भोजन करवाकर उन्हें दक्षिणा भी दी जाती है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें