Meerut News: गणेश विसर्जन यात्रा में हुड़दंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
Meerut News: गणेश महोत्सव के लिए थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। इसमें प्रतिमा स्थापना और विसर्जन की तिथियों का निर्धारण किया गया। पुलिस ने आयोजकों से शांतिपूर्ण आयोजन की अपील की। हिंदू युवा संगठन की यात्रा 22 सितंबर को और त्यागियान शिव मंदिर की यात्रा 24 सितंबर को होगी।

Meerut News: गणेश महोत्सव को लेकर शुक्रवार को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में गणेश प्रतिमा स्थापना और विसर्जन को लेकर कार्यक्रम तय किए गए। इस बार नगर में निकलने वाली दो प्रमुख विसर्जन यात्राएं अलग-अलग तिथियों पर निकालने पर सहमति बनी। पुलिस-प्रशासन ने शांतिपूर्ण तरीके से आयोजन संपन्न कराने के लिए आयोजकों से सहयोग की अपील की। बैठक में तय किया गया कि हिंदू युवा संगठन की विसर्जन यात्रा 22 सितंबर को दोपहर 12 बजे से शाम पांच बजे तक निकाली जाएगी। यात्रा में वृंदावन की इस्कॉन मंडली शामिल रहेगी। वहीं त्यागियान शिव मंदिर की विसर्जन यात्रा 24 सितंबर को शाम सात बजे तक स्थापना स्थल से गंगनहर तक निकाली जाएगी।
इसमें दो डीजे की अनुमति रहेगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि विसर्जन यात्राओं में बड़े डीजे नहीं लगाए जाएंगे और वाइब्रेशन मोड का भी इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। इसके अलावा जुलूस में नशे की हालत में उत्पात करने वालों पर कार्रवाई के लिए पुलिस पहले से अभियान चलाएगी। बैठक में बताया गया कि गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की प्रक्रिया 14 सितंबर को गंगनहर और थाना सरधना से संबंधित प्रतिमा स्थापना स्थलों के लिए शुरू होगी। इस दौरान पुलिस सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक इंतजाम करेगी।थाना प्रभारी दिनेश प्रताप सिंह ने बैठक में लोगों से शांतिपूर्वक और आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने आयोजकों को सख्त संदेश देते हुए कहा कि त्योहार की आड़ में किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सूर्यदेव त्यागी, ऐनुद्दीन शाह, ठाकुर प्रतीश, पंकज जैन, सुहैल कुरेशी, डा. ओंकार पुंडीर, दीपक शर्मा, ललित गुप्ता, पिंकी सोम आदि मौजूद थे।


