आर्मी अफसर बन सिविल सेवा की तैयारी कर रही युवती से पांच लाख ठगे
मेरठ की एक युवती को एक आरोपी ने आर्मी का मेजर बनकर ठगा। आरोपी ने युवती से शादी की प्लानिंग की और पांच लाख रुपये ठग लिए। युवती ने आरोपी को विश्वास में लेकर 4.50 लाख रुपये नकद और 86 हजार रुपये ऑनलाइन...

मेरठ। सिविल सेवा की तैयारी कर रही मेरठ की युवती को एक आरोपी ने आर्मी का मेजर बनकर प्रभाव में लिया और पांच लाख रुपये ठग लिए। आरोपी से युवती का संपर्क मैट्रिमोनियल साइट्स पर हुआ जहां सेना की वर्दी में फोटो डाले हुए थे। दोनों शादी की प्लानिंग कर रहे थे। मार्च में आरोपी मेरठ में युवती से मिलने आया और अपना नकदी का बैग चोरी होना बता दिया। एक ऑनलाइन एफआईआर दिखा युवती को झांसे में लिया। मदद के लिए युवती ने रकम आरोपी को ट्रांसफर कर दी थी। इसके बाद आरोपी फरार हो गया। एसएसपी से शिकायत की गई है, मेडिकल थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
मेडिकल क्षेत्र निवासी युवती सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही है। युवती ने बताया उसका संपर्क मैट्रिमोनियल साइट्स पर रोहित निवासी दिल्ली नामक युवक से मार्च में हुआ था। रोहित ने सेना और नेवी की वर्दी में कुछ फोटो मैट्रिमोनियल साइट्स पर अपने प्रोफाइल में डाले हुए थे। रोहित और युवती में मोबाइल नंबर का आदान प्रदान हुआ। रोहित ने बताया उसके मां-पिता नेवी में थे और सबमरीन ब्लास्ट में शहीद हो गए थे। परिवार में बहन है, जिसकी शादी करनी है। रोहित ने बताया वह नेवी में है और खुफिया एजेंसी की ज्वाइंट टास्क फोर्स का हिस्सा है। इसलिए उसे मेजर बनाया है। युवती के परिजनों से मिलने 23 मार्च को रोहित मेरठ आया। युवती को बताया कि वह पांच लाख रुपये बैग में लेकर आया था, लेकिन बैग चोरी हो गया। रोहित ने ऑनलाइन एफआईआर युवती को दिखाई। रोहित ने बताया कि उसकी बुआ मोदीपुरम में रहती है और वह उनके घर पर रुका है। युवती ने भरोसा कर रोहित को 4.50 लाख रुपये नकद और 86 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपी 26 मार्च को दिल्ली लौटने की बात कहकर मेरठ से चला गया और मोबाइल नंबर बंद कर लिया। -------------------------------- 40 से ज्यादा युवती बनाई शिकार पीड़ित युवती ने एसएसपी से शिकायत की। आरोप लगाया सेना की वर्दी का इस्तेमाल कर और मैट्रिमोनियल साइट्स पर फर्जी प्रोफाइल बना आरोपी ने 40 से ज्यादा युवतियों को झांसे में लेकर ठगी की है। इसका अर्पित नाम का दोस्त भी शामिल हैं, जो खुद को सेना में अफसर बताता है। आरोपी के कई फोटो और जानकारी एसएसपी को दी गई। -------------------------------- युवती की ओर से शिकायत की गई है, जिसमें जांच और कार्रवाई के लिए टीम को लगाया है। जल्द आरोपी की धरपकड़ कराई जाएगी। - डॉ. विपिन ताडा, एसएसपी, मेरठ
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


