तंत्र क्रिया के नाम पर डेढ़ लाख की ठगी
हर्रा के युवक पर तंत्र क्रिया के नाम पर डेढ़ लाख रुपये ठगने का आरोप लगा है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि आरोपी ने बीमार बेटे के इलाज के लिए पैसे मांगे थे, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ और युवक की मृत्यु हो गई। मामले की जांच जारी है।

थाना सरूरपुर क्षेत्र के कस्बा हर्रा निवासी युवक पर तंत्र क्रिया के नाम पर डेढ़ लाख रुपये ठगने का आरोप लगा है। पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मुंडाली निवासी उस्मान पुत्र फुरकान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका 24 वर्षीय पुत्र रिहान लंबे समय से बीमार था। उन्होंने विभिन्न अस्पतालों में उसका उपचार कराया, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ। इसी दौरान कस्बा हर्रा निवासी एक व्यक्ति उनके संपर्क में आया। आरोप है कि आरोपी ने तंत्र क्रिया के जरिए युवक को ठीक करने का दावा करते हुए डेढ़ लाख रुपये की मांग की।
पीड़ित का कहना है कि बेटे के ठीक होने की उम्मीद में उन्होंने आरोपी को रकम दे दी। जिसके बाद आरोपी ने तंत्र क्रिया के नाम पर उपचार शुरू किया। हालांकि रिहान की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि बेटे की मौत के बाद जब उन्होंने आरोपी से रुपये वापस मांगे तो वह टालमटोल करता रहा। आरोप है कि शुक्रवार को रुपये मांगने पर आरोपी ने तंत्र क्रिया के जरिए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद शनिवार को पीड़ित परिवार ने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


