Hindi NewsUttar-pradesh NewsMeerut NewsFire Breaks Out in Illegal Textile Factory in Meerut Millions in Damage
आशियाना कॉलोनी में कपड़ा और पावरलूम फैक्ट्री में आग, करोड़ों का नुकसान

आशियाना कॉलोनी में कपड़ा और पावरलूम फैक्ट्री में आग, करोड़ों का नुकसान

संक्षेप: Meerut News - मेरठ की आशियाना कॉलोनी में एक कपड़ा फैक्ट्री में आग लग गई, जिससे करोड़ों का नुकसान हुआ। आग सुबह 5 बजे लगी और फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियाँ दो घंटे में आग बुझाने में सफल रहीं। फैक्ट्री अवैध रूप से रिहायशी...

Fri, 17 Oct 2025 12:52 AMNewswrap हिन्दुस्तान, मेरठ
share Share
Follow Us on

मेरठ : आशियाना कॉलोनी में कपड़ा और पावरलूम फैक्ट्री में आग, करोड़ों का नुकसान लिसाड़ी आग 5 फायर ब्रिगेड लगी 2 घंटे में आग काबू 25 लोगों की टीम लगी लोहिया नगर की आशियाना कॉलोनी में गुरुवार अलसुबह 5 बजे कपड़ों पर प्रिंट करने वाली तीन मंजिला फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। रिहायशी इलाके में यह फैक्ट्री अवैध रूप से संचालित की जा रही थी। धमाके से कई सिलेंडर फटे और पूरा इलाका दहल गया। लोगों में दहशत फैल गई, जिसके बाद पुलिस और फायर टीम को सूचना दी गई। आग में दो कर्मचारी झुलस गए। सिलेंडर फटने के कारण आग सामने वाली पावरलूम फैक्ट्री तक जा पहुंच गई।

पांच फायर मौके पर पहुंची और टीम ने करीब दो घंटे में आग काबू की। दो करोड़ से ज्यादा का नुकसान बताया गया है। आशियाना कॉलोनी गली नंबर-14 में किदवई नगर निवासी दो भाइयों रियाज अंसारी और इकरामुद्दीन की ए-थ्री क्रिएशन नाम से कपड़ों पर प्रिंट करने वाली तीन मंजिला फैक्ट्री है। नीचे ग्राउंड फ्लोर पर गोदाम, जबकि ऊपर के दो फ्लोर पर मशीन लगाई हुई है। कपड़ों पर प्रिंट होने के बाद उन्हें सुखाने के लिए हीटर लगाए गए हैं, जिन्हें गैस सिलेंडरों से चलाया जा रहा था। इन्हीं हीटर के ओवरहीट होने के कारण सुबह 5 बजे कपड़ों में आग लग गई। आग बढ़ती चली गई और कई सिलेंडर धमाके के साथ फटने लगे। इससे फैक्ट्री में भगदड़ मच गई। आग लगने के दौरान 12 लोग अंदर काम कर रहे थे, सभी जान बचाकर भागे। आग की चपेट में आने से ठेकेदार गोविंद और अजहरूद्दीन झुलस कर घायल हो गए। इन दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर दौड़ी। पांच फायर ब्रिगेड पहुंची और 25 फायर कर्मियों की टीम ने दो घंटे में आग किसी तरह से काबू की। धमाके से फट गई दीवारें फायर टीम के सामने ही कई सिलेंडर फटे। इस दौरान एक के बाद एक कई धमाके हुए। आसपास के इलाके में अफरातफरी और भगदड़ का माहौल हो गया। कुछ लोगों ने वीडियो भी बनाई। सिलेंडर फटने के कारण फैक्ट्री की तीसरी मंजिल पर दीवार फट गई। इस जगह से आग की लपटें बाहर आने लगी। आसपास के लोगों ने इस दौरान वीडियो बना ली। शुक्र रहा कि आग सबसे नीचे की मंजिल पर गोदाम तक नहीं पहुंची, वरना आग काबू करने में और भी ज्यादा मशक्कत करनी पड़ती। फायर टीम ने बचाई पावरलूम फैक्ट्री कपड़ा फैक्ट्री में आग के दौरान धमाके के साथ आग सामने वाले बिन-यामीन की पावरलूम फैक्ट्री में पहुंच गई। इससे फैक्ट्री में आग लग गई। इस दौरान फायर टीम वहीं मौजूद थे। आग देखकर फायर टीम ने पावरलूम फैक्ट्री के गेट का ताला तोड़ दिया और पानी डालकर आग काबू की। आग नहीं बुझाई जाती तो पूरी फैक्ट्री चपेट में आ जाती और नुकसान काफी ज्यादा हो जाता। लोगों में दहशत, घरों से बाहर भागे कपड़ा फैक्ट्री में आग लगने के बाद सिलेंडर बम के गोले की तरह फट रहे थे। इस दौरान पूरा इलाका दहल गया। लोग अपने घरों से बाहर निकाल आए। आसपास के मकानों की खिड़कियों में लगे शीशे तक टूट गए। इसके बाद ही मदद के लिए फोन किया गया। आसपास के सभी मकानों को फायर टीम ने तुरंत ही खाली कराया। लगातार फैक्ट्री की मशीनें चलाने से हादसा फायर ब्रिगेड की टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां फैक्ट्री के दूसरे और तीसरे फ्लोर पर आग पूरी तरह से फैल चुकी थी। फैक्ट्री में मशीनों पर प्रिंट करने के लिए मशीनों को बिजली की जगह गैस सिलेंडर की मदद से चलाया जाता था। फैक्ट्री में दिन-रात दोनों शिफ्ट में मजदूर काम करते थे। इसी के चलते फैक्ट्री के हीटर के ओवरहीट होने और शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका फायर टीम ने जताई है। रिहायशी इलाके में कैसे चला रहे फैक्ट्री कपड़ों पर प्रिंट करने के लिए बनाई गई फैक्ट्री के पास एनओसी नहीं है। इसे रिहायशी इलाके में अवैध रूप से चलाया जा रहा था। इस संबंध में अब फैक्ट्री मालिकों को नोटिस देने की तैयारी की जा रही है। इसके अलावा आसपास के पूरे इलाके में इसी तरह से फैक्ट्री चलाई जा रही हैं, जो अवैध हैं। ऐसे में बड़ा हादसा हो सकता है। हालांकि संबंधित विभागों द्वारा संज्ञान नहीं लिया जा रहा। ------------------------------ कपड़ों पर प्रिंट करने वाली फैक्ट्री में मशीन ओवरहीट होने और शार्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। फैक्ट्री को अवैध रूप से रिहायशी इलाके में चलाया जा रहा था। करीब दो घंटे में आग काबू की गई। कोई जनहानि नहीं हुई है। सामने वाली पावरलूम फैक्ट्री को पूरी तरह से सुरक्षित कर लिया गया था। कपड़ा फैक्ट्री के मालिकों को नोटिस दिया जाएगा। आकाश कुमार, एफएसएसओ घंटाघर