Meerut News: किसान महापंचायत : कमिश्नरी पर 22 घंटे डटे रहे किसान, मांगें मनवाकर ही लौटे
Meerut News: छह घंटे चली मंडलायुक्त के साथ किसानों की वार्ता बुधवार सुबह 7 बजे तक चला

Meerut News: मेरठ। विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार 11 बजे कमिश्नरी पर शुरू हुआ भारतीय किसान यूनियन का धरना बुधवार सुबह 7 बजे तक चला। प्रशासन से अपनी मांगें मनवाने के बाद ही किसान 22 घंटे बाद बुधवार सुबह 9 बजे अपने घरों के लिए लौटे। भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने सभी किसानों का आभार जताया। चौधरी राकेश टिकैत के आह्वान पर किसानों ने कमिश्नर से वार्ता करने की मांग को लेकर किसान महापंचायत को अनिश्चितकालीन धरने में तब्दील कर दिया था। किसानों ने प्रशासनिक अधिकारियों को मांग ज्ञापन देने से मना कर दिया था। इसके बाद मंगलवार शाम 7 बजे किसानों की वार्ता मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में मंडलायुक्त सभागार में शुरू हुई थी जो 6 घंटे तक चली।
वार्ता के लिए अधिकारियों की मौजूदगी
वार्ता में किसानों का 25 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल, मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी, अपर मंडलायुक्त अमित कुमार, प्रभारी जिलाधिकारी नूपुर गोयल, पुलिस कप्तान बीबी मूर्ति, प्रबंध निदेशक ऊर्जा निगम रविश गुप्ता, मेडा वीसी संजय कुमार मीना, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, पुलिस अधीक्षक शहर विनायक गोपाल भोसले, अपर जिलाधिकारी शहर बृजेश सिंह, एडीएम प्रशाशन, जिला गन्ना अधिकारी, उप गन्ना आयुक्त समेत जिले भर के 30 अधिकारी मौजूद रहे।
समस्याओं का समाधान
वार्ता में मंडलायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाना चाहिए अन्यथा जायज निस्तारण न होने और शिकायत आने पर संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। बिजली के बढ़े लोड पिछले छह माह की जांच करके जायज पाए जाने पर घटाए जाएंगे और पेनल्टी धनराशि सिक्योरिटी में जोड़ी जाएगी और बिल में एडजस्ट की जाएगी। ट्रांसफार्मर फूंकने पर दो से तीन दिन में न बदले जाने पर संबंधित पर कार्यवाही होगी, तार चोरी की घटनाओं पर सप्ताह भर में नए तार डाले जाएंगे। तार चोरी व स्टार्टर चोरी की घटनाओं में पुलिस थानों में भी रिपोर्ट होगी, जर्जर तार बदले जाएंगे, खाद समितियों में ब्याज एवं खाद वितरण की जांच अपर मंडलायुक्त अमित कुमार करेंगे, तीन फीसदी से अधिक ब्याज वसूली वापस कराई जाएगी। नियमानुसार मानक डीएपी किसान को हर हालात में सीडीओ की निगरानी में उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया। किनोनी शुगर मिल का भुगतान नए पेराई सत्र आरंभ होने से दस दिन पहले हर हालात में कराया जाएगा। बुजुर्ग किसान असहाय होने के कारण दूर गन्ना डालने वाले प्रार्थी का बॉंड बदलवाने हेतु डीसीओ लखनऊ जाएंगे, पांच नए तालाब साफ कराए जाएंगे, नारंगपुर आयुष्मान मंदिर में चिकित्सक की व्यवस्था की जाएगी। पशु चिकित्सालयों में दवाओं की व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी और लम्पी रोग की वैक्सीन प्राथमिकता से लगाई जाएगी। जाटोली, नंगला ताशी में नाला पुर्ननिर्माण किया जाएगा, खस्ता हाल ग्रामीण सड़कों को इस वित्तीय वर्ष में बनाया जाएगा, खटकी में तीन वर्ष पूर्व पारिवारिक झगड़े में गुंडा एक्ट नहीं लगाई जाएगी, लहरा गांव में तालाब में मछली पालन कभी नहीं हुआ आगे भी नहीं होगा, अधिकारियों की किसान समस्या समाधान पर जवाबदेही तय होगी, वर्षों पुराने पट्टो के मुकदमों का निस्तारण गुण दोष पर जल्द निस्तारण किया जाएगा, प्रमुख सचिव गन्ना से किसानों के प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात सत्र आरंभ से पहले सुनिश्चित कराई जाएगी, शासन स्तर कि समस्याओं पर गहनता से पत्र बनाकर भेजा जायेगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने मंडलायुक्त का धन्यवाद करते हुए कहा कि आपने सार्थक प्रयास किया। किसान समस्याओं के समाधान पर अब इन सभी समस्याओं के समाधान की घोषणा अपर जिलाधिकारी शहर किसानों के बीच करेंगे।
समाप्त वार्ता और किसानों की घर वापस लौटने की घोषणा
इस पर मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी ने सहमति जताते हुए रात करीब 12.30 बजे वार्ता समाप्त की। सुबह 7 बजे अपर जिलाधिकारी ने किसानों के बीच सभी मांगे मानी जाने की घोषणा की। इसके बाद किसानों ने 9 बजे अपना टेंट कमिश्नरी से हटाया और घर लौट गए। इस दौरान जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी, जगत सिंह, वरुण पथौली, देशपाल, अनूप, सत्येंद्र, हर्ष चहल, रामफल शर्मा, नरेश मवाना, मोनू टिकरी, सुनील, सत्ते, अभिषेक , महिपाल, जसबीर, मनोज आदि मौजूद रहे।


