
गन्ना रेट को लेकर भाकियू ने घेरा कलक्ट्रेट, लंगर लगाया
Meerut News - भाकियू टिकैत ने गन्ना रेट बढ़ाने की मांग को लेकर कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। किसानों ने ट्रैक्टर-टॉलियों से आकर धरना दिया और लंगर लगाया। गन्ने की उत्पादन लागत बढ़ने के बावजूद सरकार ने पिछले साल रेट...
पेराई सत्र 2025-26 के लिए गन्ना रेट घोषित करने समेत किसानों की अन्य समस्याओं को लेकर भाकियू टिकैत ने कलक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में हाथों में गन्ना लेकर किसान ट्रैक्टर-टॉलियों से कलक्ट्रेट पहुंचे और करीब चार घंटे तक धरना दिया। किसानों ने कलक्ट्रेट में ही कढ़ाही चढ़ाकर दाल-चावल का लंगर भी लगाया। एडीएम सिटी ब्रजेश सिंह धरना स्थल पर पहुंचे। एडीएम सिटी को मुख्यमंत्री के नाम मांग ज्ञापन सौंपकर धरना समाप्त किया। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के राष्ट्रीय नेतृत्व ने गन्ना रेट को लेकर शुक्रवार को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों का घेराव कर प्रदर्शन करने का ऐलान किया था।

संगठन की मेरठ शाखा ने भी जोरदार प्रदर्शन किया। सुबह करीब 11 बजे हजारों किसान ट्रैक्टर-टॉलियों से हाथों में गन्ने और संगठन के झंडे लेकर कमिश्नरी पार्क पर पहुंचे और यहां से जुलूस के रूप में कलक्ट्रेट पहुंच गए। यहां किसानों ने जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर दरा बिछाकर धरना शुरू कर दिया। भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने कहा कि किसान आरपार की लड़ाई लड़ने के मूड में आया है। प्रदेश सरकार ने पिछले साल भी गन्ने का रेट नहीं बढ़ाया था। --- गन्ना रेट नहीं बढ़ा तो होगा बड़ा आंदोलन : गौरव टिकैत धरना स्थल पर किसानों के बीच पहुंचे भाकियू युवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव टिकैत ने कहा कि सरकार ने अगर चालू पेराई सत्र में गन्ना मूल्य नहीं बढ़ाया तो किसान बड़ा आंदोलन करेंगे। उन्होंने सरकार से गन्ने का रेट 450 रुपये करने की मांग की। टिकैत ने कहा कि गन्ने की उत्पादन लागत लगातार बढ़ रही है, लेकिन गन्ने का रेट बढ़ाना तो दूर गन्ना बकाया भुगतान भी समय से नहीं हो रहा है। जब तक किसानों की मांगे पूरी नहीं होगी तब तक किसान आंदोलन करते रहेंगे। पंचायत की अध्यक्षता वीरेंद्र प्रधान महपा और सुखीबर शर्मा कलीना ने की और संचालन हर्ष चहल ने किया। इस दौरान अनूप यादव, मेजर चिंदौड़ी, सतबीर जंगेठी, रवींद्र दौरालिया, विनेश, मोनू, बबलू, सनी, नरेश, मनोज, मोहित, विनय, सुनील, सत्येंद्र, सोनू, सुरेन्द्र, बीसी जिटौली, मुन्नू, बिट्टू, ओमपाल, हरेंद्र , बबलू गुर्जर, प्रशांत त्यागी, सुखपाल, सचिन, हरवीर, सुरेन्द्र आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




