नोएडा के जीरो पॉइंट पर महापंचायत आज, मेरठ मंडल के किसान जुटेंगे
Meerut News - भारतीय किसान यूनियन ने आज नोएडा के जीरो पॉइंट पर किसान महापंचायत आयोजित की है। इस महापंचायत में मेरठ मंडल के किसान शामिल होंगे। भाकियू ने किसानों को नोएडा आने का आह्वान किया है, जबकि गन्ने के रेट और...

किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन आज नोएडा के जीरो पॉइंट पर किसान महापंचायत करने जा रही है। इस किसान महापंचायत में मेरठ मंडल के सभी जनपदों से बड़ी संख्या में किसान शामिल होंगे। इसके लिए रविवार को भाकियू ने कई गांवों में जनसंपर्क कर किसानों से नोएडा कूच करने का आह्वान किया। नोएडा में किसानों के साथ विकास प्राधिकरण का चल रहा विवाद और किसानों को जेल भेजने के विरोध में सोमवार को भाकियू ने नोएडा के जीरो पॉइंट पर किसान महापंचायत का आह्वान किया है। भाकियू मुख्यालय से महापंचायत में मेरठ मंडल के सभी संगठन पदाधिकारियों को किसानों के साथ पहुंचने को कहा गया है। इस क्रम में रविवार को भाकियू मेरठ के जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने मवाना और रोहटा क्षेत्र के कई गांवों में जनसंपर्क कर किसानों को महापंचायत में चलने की अपील की। अनुराग चौधरी ने कहा कि न तो अभी तक गन्ने का रेट घोषित हुआ है और न ही गन्ना मूल्य भुगतान समय से किया जा रहा है। नोएडा विकास प्राधिकरण किसानों को शोषण करने पर तुला है। इन सभी मांगों और समस्याओं को लेकर सोमवार को नोएडा के जीरो पॉइंट पर किसान महापंचायत होगी।
चौ. राकेश टिकैत होंगे महापंचायत में शामिल
जीरो पॉइंट पर होने वाली किसान महापंचायत में भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौ. राकेश टिकैत शिरकत करेंगे। यह जानकारी जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने दी। उन्होंने बताया कि जनपद के किसान सुबह 9:30 बजे तक काशी टोल प्लाजा पर इकट्ठा होंगे और अपने निजी वाहनों से नोएडा के लिए कूच करेंगे। उन्होंने सभी किसानों से निर्धारित समय तक काशी टोल प्लाजा पहुंचने की अपील की है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।