मेरठ : मवाना तहसील दिवस में किसान ने केरोसीन डालकर किया आत्मदाह का प्रयास

Apr 04, 2026 01:36 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मेरठ
share

Meerut News - मवाना तहसील के एक किसान ने कृषि भूमि की सिंचाई के लिए बिजली कनेक्शन न मिलने पर आत्मदाह का प्रयास किया। किसान ने अधिकारियों पर रिश्वत मांगने और कनेक्शन न देने का आरोप लगाया है। पिछले छह महीने से उसे केवल आश्वासन मिल रहा था। किसान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मेरठ : मवाना तहसील दिवस में किसान ने केरोसीन डालकर किया आत्मदाह का प्रयास

मवाना। तहसील में एक किसान ने तहसील दिवस में केरोसिन डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। इससे हड़कंप मच गया। किसान ने कृषि भूमि की सिंचाई के लिए बिजली कनेक्शन न मिलने और विभागीय कर्मचारियों पर रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से शिकायत की है। तहसील मवाना के ग्राम नासरपुर निवासी मोंगेराम ने मुख्यमंत्री को भेजे शिकायती पत्र में बताया कि उसने 17 जून 2025 को अपनी कृषि भूमि के लिए एल.टी. लाइन से विद्युत कनेक्शन के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। आरोप है कि अधिशासी अभियंता द्वारा जूनियर इंजीनियर को कार्रवाई के निर्देश दिए जाने के बावजूद आज तक कनेक्शन नहीं दिया गया।

किसान ने कहा कि उसकी भूमि के पास 63 केवीए का एक ट्रांसफार्मर है, जिस पर पहले से पांच कनेक्शन चल रहे हैं, जबकि एक कनेक्शन अवैध रूप से संचालित किया जा रहा है। इसके अलावा पास में 25 केवीए का एक अन्य ट्रांसफार्मर भी है, जिस पर दो कनेक्शन हैं। पर्याप्त व्यवस्था होने के बावजूद जेई द्वारा कनेक्शन नहीं दिया जा रहा है। मोंगेराम ने आरोप लगाया कि संबंधित जेई कनेक्शन देने के बदले रिश्वत की मांग कर रहा है और क्षेत्र में किसानों से मिलीभगत कर बिजली चोरी व ओवरलोड मीटर चलवा रहा है। पिछले छह माह से उसे केवल आश्वासन दिया जा रहा है।किसान के अनुसार, सिंचाई के अभाव में उसकी फसल प्रभावित हो रही है। उसने आलू की बुवाई के लिए गन्ने की फसल को कम दाम में बेच दिया और करीब 50 हजार रुपये का बीज खरीदा, लेकिन समय पर सिंचाई न होने से नुकसान उठाना पड़ रहा है। गेहूं की फसल भी प्रभावित हुई है। पीड़ित ने बताया कि उसने 18 दिसंबर 2025 को जनसुनवाई पोर्टल पर और 20 दिसंबर 2025 को तहसील दिवस में भी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। किसान ने पूर्व में अधिकारियों को आत्मदाह की चेतावनी भी दी थी। इसी मामले में शनिवार को मवाना तहसील पहुंच पीड़ित किसान ने तेल से भरा कनस्तर अपने ऊपर पलट लिया, जिसे देख अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में किसान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।