
ठगी करने पहुंचे युवकों ने पंप कर्मचारियों को पीटा, दो पकड़े
Meerut News - दौराला में दिल्ली-दून हाईवे पर दादरी स्थित एक पेट्रोल पंप पर दो युवकों ने फर्जी ऑडिट अधिकारी बनकर कर्मचारियों के साथ मारपीट की। एक युवक ने 15,000 रुपये का सुविधा शुल्क मांगा था। कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच जारी है।
दौराला। दिल्ली-दून हाईवे पर दादरी स्थित एक पेट्रोल पंप पर फर्जी ऑडिटर के नाम पर ठगी करने पहुंचे दो युवकों ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों के साथ मारपीट कर दी। कर्मचारियों ने दोनों युवकों की घेराबंदी कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उनको हिरासत में ले लिया। उधर, पेट्रोल पंप मालिक ने आरोपियों के खिलाफ थाने पर तहरीर दी। दादरी स्थित आदर्श एनर्जी पेट्रोल पंप के मैनेजर प्रवेश कुमार ने थाने पर दी तहरीर में बताया कि सलावा निवासी अक्षय नाम का एक युवक आठ जनवरी को पंप पर एचपीसीएल ऑफिस से ऑडिट अधिकारी बनकर पहुंचा था। उसने पंप पर खामियां निकालते हुए रिपोर्ट भेजने की धमकी दी।
पंप कर्मचारियों ने खामियों पर आपत्ति जताई और कंपनी अधिकारियों से फोन कर बात करने को कहा। इसके बाद ऑडिट अधिकारी ने कंपनी से संपर्क करने से मना करते हुए 15 हजार रुपये का सुविधा शुल्क लेकर ऑडिट रिपोर्ट सही भेजने की बात कही और पेट्रोल पंप से चला गया। इसके बाद कर्मचारियों ने पेट्रोल पंप मालिक और एचपीसीएल के अधिकारियों से संपर्क कर ऑडिट अधिकारी की जानकारी दी। इस पर कंपनी ने किसी भी अधिकारी को ऑडिट के लिए नहीं भेजने और कंपनी के किसी भी अधिकारी द्वारा सुविधा शुल्क नही लेने की बात कही। वहीं, फर्जी ऑडिट अधिकारी ने एक-दो दिन बाद अपने भाई और एक युवक को सुविधा शुल्क के रुपये लेने पेट्रोल पंप पर भेजा था। पंप कर्मचारियों के इनकार करने पर दोनों युवकों ने गाली-गलौज कर धक्का मुक्की और मारपीट की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवको को हिरासत में ले लिया। वहीं, आरोपी एक युवक का पिता पेट्रोल पंप पर पहुंचा और फर्जी मुकदमे और नुकसान पहुंचने की धमकी दी। इंस्पेक्टर दौराला सुमन कुमार सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। दो युवकों को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




