धमाका प्रकरण : जांच एजेंसियों ने मलबे में तलाशे धमाके के साक्ष्य
सरधना। संवाददाता कांग्रेस नेता आसिम खान के घर हुए धमाके की जांच गंभीरता से...
सरधना। संवाददाता
कांग्रेस नेता आसिम खान के घर हुए धमाके की जांच गंभीरता से चल रही है। शुक्रवार देर रात आईबी की टीम घटना स्थल पर पहुंची। टीम ने मौका मुआयना किया। लोगों के बयान दर्ज किए, साथ ही मौके से कई साक्ष्य भी जुटाए। फोरेंसिक टीम शनिवार को तीसरे दिन भी घटना स्थल पर पहुंची। टीम ने धमाके की जद में आकर जर्जर हुए मकानों की फोटोग्राफी की, साथ ही मकानों के अंदर पड़े मलबे की जांच की।
लोगों के अनुसार देर रात करीब नौ बजे आईबी की टीम मोहल्ले में पहुंची। उन्होंने पहले लोगों से घटना की जानकारी ली। उसके बाद कांग्रेस नेता आसिम खान के घर पहुंचकर मौका मुआयना किया। टीम में मौजूद अधिकारियों ने लोगों से घटना के वक्त क्या-क्या हुआ, किस तरह का नजारा उन्होंने देखा, आदि सवाल किए। लोगों के बयान भी दर्ज किए। इसके अलावा आसिम खान के मकान व मलबे में से कुछ साक्षय भी टीम ने जुटाए। आसिम व कासिम के कारोबार से सम्बंधित भी जानकारी जुटाई। बाद में टीम वहां से चली गई। शनिवार सुबह फोरेसिंक टीम एक बार फिर से घटना स्थल पर पहुंची। इंस्पेक्टर सरधना बिजेश कुमार भी इस दौरान टीम के साथ रहे। टीम ने मकानों की छतों पर जाकर फोटोग्राफी की। मलबे के टुकड़ो को बारीकी से चेक किया। जांच के लिए मिट्टी के सैंपल लिए। फोरेंसिक टीम तीसरे दिन लगातार यहां जांच के लिए आई थी। करीब आधा घंटा तक टीम ने मकान के अंदर व बाहर रहकर जांच पड़ताल की और फिर चली गई। बता दें कि तीन दिन से लगातार अधिकारियों व जांच एजेंसियों का यहां आना जाना लगा हुआ है। अभी तक धमाके को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।
