Meerut News: एमडी के निर्देश पर ब्रह्मपुरी पहुंचे बिजली अफसर, वार्ता कर आश्वासन दिया
Meerut News: माधवपुरम-ब्रह्मपुरी इलाके में बिजली संकट को लेकर एमडी पीवीवीएनएल के निर्देश पर बिजली अधिकारियों ने लोगों से बातचीत की। अधिकारियों ने बिजली संबंधित समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया और तीन नए ट्रांसफार्मर लगाने का निर्णय लिया। इसके अलावा, समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए दो अतिरिक्त मरम्मत टीमें भी नियुक्त की गईं।

Meerut News: माधवपुरम-ब्रह्मपुरी इलाके में बिजली संकट से आक्रोशित लोगों से वार्ता के लिए गुरुवार को एमडी पीवीवीएनएल रवीश गुप्ता के निर्देश पर अधीक्षण अभियंता शहर मनोज कुमार समेत बिजली अफसर लोगों के बीच पहुंचे। उमाशंकर पाल के प्रतिष्ठान पर लोगों से वार्ता कर अधिकारियों ने समस्या के समाधान पर चर्चा एवं सुझाव-प्रस्तावों के उपरांत बिजली संबंधित समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। नगर निगम उपाध्यक्ष अनिल वर्मा ने बताया कि ब्रह्मपुरी-माधवपुरम की बिजली समस्या को लेकर हुई बैठक में एसई मनोज कुमार, एसडीओ अरविंद कुमार, जेई अभिषेक वर्मा ने भाजपा के पूर्व विधान सभा प्रभारी राकेश शर्मा, वरिष्ठ कार्यकर्ता प्रद्युम्न त्यागी, नरेन्द्र पोसवाल, सुनील जैन, आयुष गुप्ता एडवोकेट, रणजीत सिंह सेठी आदि के साथ वार्ता की।
बिजली समस्या को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। लोगों ने समस्याएं बताई एवं समाधान के सुझाव दिये। इस दौरान ब्रह्मपुरी की मूल समस्या के समाधान के लिए साबुन फैक्टरी के लगे 630 केवीए का लोड कम करते हुए खत्ता रोड पर तीन नये ट्रांसफार्मर लगाने का निर्णय लिया गया। तत्काल समाधान के लिए दो अतिरिक्त मरम्मत टीमें दी गईं। प्रत्येक बिजली घर पर 200 मीटर एबीसी लीड दी जायेगी। ट्रांसफार्मर फुंकने पर उसे तत्काल बदलने का प्रस्ताव पास हुआ।


