Hindi NewsUttar-pradesh NewsMeerut NewsDump Truck Driver Collides with Car Stone-Pelting Incident in Meerut-Badaut Road
कार पर डंपर चढ़ाने के मामले में मुकदमा दर्ज, चालक हिरासत में

कार पर डंपर चढ़ाने के मामले में मुकदमा दर्ज, चालक हिरासत में

संक्षेप:

Meerut News - रविवार रात मेरठ-बड़ौत रोड पर एक डंपर ने कार को टक्कर मारी। डंपर पर बैठे लोगों ने कार पर पथराव किया। घटना में कार सवार युवकों की जान बच गई। पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में लिया और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

Feb 10, 2026 02:11 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मेरठ
share Share
Follow Us on

सरूरपुर। रविवार रात को मेरठ-बड़ौत रोड पर ईंटों से लदे डंपर चालक ने कार को टक्कर मार दी थी। डंपर पर बैठे लोगों ने पथराव भी किया था। इसमें कार सवार युवकों की जान बाल-बाल बची थी। मामले में कार सवार की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में ले लिया है जबकि डंपर की छत पर बैठकर पथराव करने वाले तीन आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना में शामिल डंपर को सीज कर दिया गया है। बता दें कि गांव पैंगा थाना निवाड़ी, गाजियाबाद निवासी सागर अपने दोस्त शिवम, प्रियम, गौरव और अनुज के साथ बागपत के दोघट में शादी समारोह से रविवार रात को वापस लौट रहे थे।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

बागपत के बरनावा क्षेत्र में उनकी कार के आगे ईंटों से भरा एक डंपर चल रहा था। ओवरटेक को लेकर डंपर और कार सवारों के बीच कहासुनी के बाद गाली गलौज-हो गई थी। विरोध करने पर डंपर की छत पर बैठे तीन युवकों नें कार पर पथराव कर दिया था। इसके बाद आरोपियों के साथियों ने मेरठ बड़ौत रोड पर कस्बा खिवाई में सड़क के बीच एक और वाहन खड़ा कर कार को रोकने का प्रयास किया। इस पर युवक कार को बैक कर वापस मुड़ गए थे। हालात और गंभीर तब हो गए जब पीछे से आ रहे डंपर ने जान से मारने की नीयत से कार में तेज टक्कर मार दी। आरोप है कि डंपर पर सवार तीन आरोपियों ने टक्कर के बाद भी कार पर पथराव कर दिया। घटना की सूचना पर बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और सड़क जाम कर हंगामा किया। स्थिति बिगड़ती देख सरूरपुर समेत आसपास के कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और हालात काबू में किए। देर रात पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए डंपर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उधर, सरूरपुर थाना प्रभारी गौरव सिंह ने बताया कि अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।