
नहीं रहे मेरठ के लिए अमेरिका की नौकरी ठुकराने वाले प्रो.गुप्ता
Meerut News - मेरठ के डॉ. केसी गुप्ता, जिन्होंने 94 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली, ने सामूहिक नकल के खिलाफ आंदोलन चलाया था। उनकी वजह से 30 कॉलेजों के 50 हजार छात्रों की परीक्षा निरस्त हुई। उन्होंने अमेरिका विवि का...
मेरठ के लिए अमेरिका विवि की नौकरी ठुकराने वाले, जेपी आंदोलन में मेरठ जिला संयोजक और 1979 में मेरठ विवि में सामूहिक नकल के खिलाफ आंदोलन चलाने वाले डॉ.केसी गुप्ता नहीं रहे। गुरुवार को 94 वर्ष की उम्र में उन्होंने गोल्डन ऐवन्यू रुडकी रोड निज आवास में अंतिम सांस ली। नकल के आंदोलन से 30 कॉलेजों के 50 हजार विद्यार्थियों की परीक्षा निरस्त हुई थी। डॉ.गुप्ता के इस संघर्ष को रीडर डाइजेस्ट ने गुप्ताज वार ऑन चीटिंग शीर्षक से प्रकाशित किया था। उनकी पुस्तक अंतरराष्ट्रीय राजनीति देशभर में पढ़ाई जाती है। डॉ.गुप्ता को दो बार बीसीसी पर्सन ऑफ द इयर चुना गया।
अमेरिका बॉयोग्राफिकल इंस्टीट्यूट यूएसए ने डॉ.गुप्ता को 1998 में मैन ऑफ द इयर और ट्वंटीथ सेंचुरी अचीवमेंट अवार्ड से नवाजा था। जेपी मूवमेंट में डॉ. गुप्ता के पास जिला संयोजक की जिम्मेदारी थी। वह आपातकाल में जेल गए। वे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के करीबी मित्रों में से थे। नौ अगस्त 1996 को अटल बिहारी वाजपेयी चौ.चरण सिंह विवि में ज्ञान परिषद के कार्यक्रम में पहुंचे थे। उस वक्त मंच पर अटल बिहारी वाजपेयी के साथ केवल डॉ.केसी गुप्ता मंच पर साथ थे। मेरठ कॉलेज में राजनीति विज्ञान का हेड रहते हुए उन्हें अमेरिका में लेक्चर के लिए बुलाया गया था। वहां इस सदी के प्रमुख राजनीतिक विश्लेषकों में शुमार ताल्कट परसन ने डॉ.गुप्ता को लेक्चर के बाद अमेरिका विवि ज्वाइन करने का ऑफर दिया लेकिन डॉ.गुप्ता ने यह कहते हुए ऑफर ठुकरा दिया था कि अमेरिका को तो बहुत लोग मिल जाएंगे, लेकिन मेरठ को दूसरा डॉ.गुप्ता नहीं मिलेगा। 94 वर्ष की उम्र में भी डॉ.गुप्ता अमात्य आईएएस के साथ स्टडी सर्किल से जुड़े थे। निदेशक राजेश भारती के अनुसार वह महीने में दो से तीन लेक्चर लेने आते थे। गुरुवार को डॉ.गुप्ता का सूरजकुंड श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। डॉ.गुप्ता के परिवार में बेटा विवेक गुप्ता और दो बेटी डॉ.विभा गुप्ता एवं विनीता गुप्ता हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




