मेरठ : फर्श बाजार के डबल मर्डर से थी सोनू मटका की तलाश
Meerut News - दिल्ली के शाहदरा में दीवाली रात हुए डबल मर्डर के आरोपी अनिल उर्फ मटका को मेरठ में पुलिस ने मार गिराया। अनिल पर 40 वर्षीय आकाश शर्मा और उनके भतीजे की हत्या का आरोप था। हत्या का इशारा आकाश के नाबालिग...
मेरठ। दिल्ली के जनपद शाहदरा में दीवाली रात हुए डबल मर्डर में अनिल उर्फ सोनू उर्फ मटका का नाम आने के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। आरोपी मूलरूप से बागपत के ग्राम शेरपुर लुहारा का रहने वाला था। इसलिए बागपत और आसपास के जिलों में भी उसकी तलाश की जा रही थी। शुक्रवार रात को दिल्ली पुलिस को अनिल उर्फ मटका की लोकेशन मेरठ के पास मिली। दिल्ली पुलिस ने लखनऊ संपर्क साधा। वहां से एसटीएफ की मेरठ फील्ड यूनिट को मैसेज पहुंचा, जिसके बाद घेराबंदी कर पुलिस ने अनिल उर्फ सोनू उर्फ मटका को ढेर कर दिया। एएसपी एसटीएफ बृजेश सिंह ने बताया कि 31 दिसंबर की रात शाहदरा के फर्श बाजार इलाके में डबल मर्डर की सनसनीखेज वारदात हुई थी। यहां बच्चों के साथ पटाखे छुड़ा रहे 40 वर्षीय आकाश शर्मा और उनके भतीजे ऋषभ शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। जबकि आकाश का 10 वर्ष का बेटा कृष भी गोली लगने से घायल हुआ था। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक यह हत्या आकाश शर्मा के नाबालिग भतीजे के इशारे पर हुई थी। वह खुद शूटर को लेकर पटाखे छुड़ा रहे आकाश शर्मा के पास आया। उसने पैर छुए और फिर पीछे से आए शूटर ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इस हत्या के बाद दिल्ली पुलिस ने आकाश के भतीजे को गिरफ्तार किया। उससे पूछताछ के बाद ही शूटर अनिल उर्फ सोनू उर्फ मटका के नाम का खुलासा हुआ और पुलिस उसकी तलाश में जुट गई।
पत्नी का इलाज कराने के बहाने हुआ फरार
पुलिस की मानें तो 17 जून 2021 को पत्नी का इलाज कराने के बहाने अनिल उर्फ मटका जेल से पैरोल पर बाहर आया। उसने एक नीयत समय पर सरेंडर करना था लेकिन वह फरार हो गया। उसको इस पूरे मामले में राजीव गार्डन निवासी अजय उर्फ विजय ने जानकारी दी। अजय ने ही बताया कि वह भी अपनी पत्नी की सर्जरी के नाम पर जेल से पैरोल पर आया था। फिर फरार हो गया।
करोड़ो रुपयों की लूट को दिया अंजाम
दिल्ली के लाहोरी गेट इलाके में 26 मई 2022 को डकैती की वारदात हुई। इस लूट में सीधे अनिल उर्फ मटका के शामिल होने का खुलासा हुआ। इसके बाद 7 अक्तूबर 2022 को भी दिल्ली के करोलबाग स्थित नेक्ससेल कार्यालय में 1.5 करोड़ रुपये की लूट हुई। इस मामले में भी अनिल उर्फ मटका का नाम आया लेकिन वह तब फरार हो गया। तभी से वह दिल्ली पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।