
कुत्तों को लेकर विवाद ने तूल पकड़ा, एनजीओ और परिवार आमने सामने
Meerut News - एक परिवार ने गली में कुत्तों की देखभाल करने वाले एनजीओ पर धमकियां देने और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। परिवार ने शिकायत दर्ज कराई है, जबकि एनजीओ ने भी विरोध में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गली में कुत्तों की देखभाल और सेवा करने वाले एनजीओ आपसी टकराव और गंभीर आरोपों के चलते विवादों में घिर गए हैं। मेडिकल थाना क्षेत्र में एक परिवार ने एनजीओ संचालक और सदस्यों पर धमकियां देने, सोशल मीडिया पर निजी जानकारी सार्वजनिक करने और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस ने परिवार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, एनजीओ पक्ष ने भी तहरीर देकर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद मामला कानूनी लड़ाई में बदल गया है। अनुज पाठक और उनके परिजनों के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले उन्होंने गली के कुछ कुत्तों को पकड़कर दूसरी जगह छोड़ा था।
इसकी जानकारी मिलते ही एनजीओ से जुड़े लोग पहुंचे और विरोध शुरू हो गया। कहासुनी हुई, फिर गाली-गलौच और कथित तौर पर धमकियों का सिलसिला बढ़ता गया। परिवार का आरोप है एनजीओ संचालकों ने सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें और निजी मोबाइल नंबर साझा किए, जिससे उन्हें लगातार मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी। परिजनों का आरोप है कि एनजीओ सदस्यों ने उनके घर के बाहर आकर धमकी दी और बेटियों को उठा ले जाने जैसी बातें कही। इससे परिवार दहशत में है। दूसरी ओर, एनजीओ पक्ष का आरोप है कि कुत्तों को जबरन पकड़कर दूर फेंका गया और विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज की गई। उन्होंने भी पुलिस को तहरीर दी है। मेडिकल थाना पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों की शिकायतें दर्ज कर ली हैं। मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




