Meerut News: फैमिली आईडी पर धीमी प्रगति पर डीएम ने जताई नाराजगी
Meerut News: -डीएम ने की विकास कार्यों की मासिक समीक्षा मेरठ, मुख्य संवाददाता विकास भवन सभागार में

Meerut News: विकास भवन सभागार में डीएम डॉ. वीके. सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को विकास एवं निर्माण कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं, निर्माणाधीन परियोजनाओं और फैमिली आईडी निर्माण की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई। फैमिली आईडी बनाने के कार्य में सुस्ती पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर अपेक्षित प्रगति लाने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी अपने-अपने विभाग से जुड़े विकास कार्यों की प्रतिदिन स्वयं समीक्षा करें, ताकि जनपद की रैंकिंग प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।
कार्य पूरा होने के बाद गुणवत्ता की जांच कर ही संबंधित विभाग को हैंडओवर किया जाए। किसी भी अधिकारी की लापरवाही या शिथिलता के कारण जिले की रैंक खराब होने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने राहत कार्यों की नियमित निगरानी के साथ-साथ खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) को ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, अमृत सरोवर सौन्दर्यीकरण और विद्यालयों के विकास कार्यों की मौके पर जाकर मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ नूपुर गोयल, सीएमओ डॉ. राम प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


