बचत खाते खोलने के लिए डाक विभाग ने चलाया विशेष अभियान
शनिवार को मेरठ मंडल के सभी प्रधान डाकघरों में डाक महामेला आयोजित किया गया। विशेष अभियान चलाकर डाक कर्मचारियों ने ग्राहकों के बचत खाते खोले। अभियान...
शनिवार को मेरठ मंडल के सभी प्रधान डाकघरों में डाक महामेला आयोजित किया गया। विशेष अभियान चलाकर डाक कर्मचारियों ने ग्राहकों के बचत खाते खोले। अभियान सोमवार तक चलेगा। शनिवार को एक दिन में देशभर में डाक विभाग ने प्रधान डाकघरों में एक करोड़ खाते खोलने का लक्ष्य तय किया था।
प्रवर अधीक्षक डाक अनुराग निखारे तथा सीनियर पोस्ट मास्टर कैंट प्रधान डाकघर चंचल ढाका ने बताया कि आला अफसरों के निर्देश पर शनिवार को खाते खोलने के लिए सभी प्रधान डाकघर शाखाओं में डाक महामेलों का आयोजन किया गया। सुबह आठ बजे से अभियान शुरू किया, जो देर रात तक जारी रहा। सोमवार तक सुबह आठ से शाम आठ बजे तक डाकघर खुलेंगे और जो भी ग्राहक आएंगे, उनके प्राथमिकता के आधार पर खाते खोले जाएंगे। प्रवर अधीक्षक डाक अनुराग निखारे ने बताया कि दस फरवरी को सुकन्या समृद्धि योजना के तहत विशेष कार्यक्रम होगा। अभियान चलाकर बेटियों के खाते खोले जाएंगे। इधर, कैंट डाकघर की सीनियर पोस्ट मास्टर चंचल ढाका ने बताया कि अभियान के दौरान डाकघरों में ग्राहक खाते खोलने के लिए यदि देर शाम तक भी मौजूद रहेंगे तो उनकी मौजूदगी तक प्रधान डाकघर खुले रहेंगे।