Meerut News: चाइनीज मांझे से बाइक सवार दूधिया की गर्दन कटी
Meerut News: प्रतिबंधित चाइनीज मांझा एक दूधिया के लिए खतरा बन गया, जब वह बाइक पर जा रहा था। अचानक मांझे की चपेट में आने से उसकी गर्दन कट गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी सर्जरी चल रही है। इस घटना ने मांझे के खिलाफ सख्ती की जरूरत को फिर से उजागर किया।
Meerut News: प्रतिबंधित चाइनीज मांझा लोगों की जान के लिए खतरा बना हुआ है। रविवार सुबह बुढ़ाना गेट चौकी के पास बाइक सवार दूधिया इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। अचानक गर्दन में मांझा उलझने से उसकी गर्दन कट गई। खून से लथपथ दूधिया बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा। राहगीरों ने उसे तत्काल ईवज हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर उसकी सर्जरी कर रहे हैं। भावनपुर थाना क्षेत्र के मेघपुर गांव निवासी 40 वर्षीय जगदीश दूध का कारोबार करते हैं। रविवार सुबह वह रोजाना की तरह दूध की सप्लाई करने बुढ़ाना गेट आए थे। करीब 10:30 बजे वह बाइक से वापस गांव लौट रहे थे।
बुढ़ाना गेट चौकी के पास अचानक हवा में लहराता प्रतिबंधित चाइनीज मांझा उनकी गर्दन में उलझ गया। मांझे की धार से उनकी गर्दन कट गई और वह संभलने से पहले ही बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। लोगों ने घायल जगदीश को हॉस्पिटल पहुंचाया। सूचना मिलने पर उनका बेटा भानू भी अस्पताल पहुंच गया। भानू के मुताबिक, डॉक्टर उनके पिता की सर्जरी कर रहे हैं। ऑपरेशन के बाद ही उनकी हालत के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की उपलब्धता पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। इस घटना ने एक बार फिर मांझे की बिक्री और इस्तेमाल के खिलाफ सख्ती की जरूरत को उजागर कर दिया है।

