
साइबर ठगों से सावधान! नौकरी दिलाने का झांसा देकर महिला से ठग लिए 26 लाख
Meerut News - रुड़की रोड की एकता नगर कॉलोनी की एक महिला को साइबर ठगों ने पार्ट टाइम जॉब का झांसा देकर 26.60 लाख रुपये ठग लिए। उसने कई बार पैसे जमा किए और अंत में उसे पता चला कि यह एक धोखाधड़ी थी। साइबर क्राइम थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है और कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
रुड़की रोड की एकता नगर कॉलोनी निवासी एक महिला को पार्ट टाइम जॉब का झांसा देकर साइबर ठगों ने 26.60 लाख रुपये ठग लिए। पीड़िता की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। रुड़की रोड एकता नगर निवासी एकता त्यागी ने बताया कि 8 दिसंबर 2025 को उसके मोबाइल पर मैसेज आया। उसे पार्ट टाइम जॉब का ऑफर दिया और उसे एक ग्रुप में शामिल किया। छोटे मूवी के टास्क दिए गए। उसे इसके बदले 150 रुपये वापस किए। इसके बाद उसे टेलीग्राम पर एक महिला रिया से बात कराई। उसने भी उसे मूवी के टास्क दिए और पूरे होने पर 300 रुपये वापस किए।
इसके बाद बड़े टास्क के लिए पंजीकरण कराने के नाम पर दो हजार रुपये जमा कराए। दिए टास्क के साथ लिंक दिया। बिटकोन कायन की ट्रेडिंग कराई गई। उसे तीन हजार रुपये वापस किए। बाद में उसे बड़े टास्क के लिए सात हजार रुपये जमा करने को कहा। रुपया जमा होने पर एक ग्रुप में तीन लोगों के साथ जोड़ा। उससे तीन बार में 2.80 लाख रुपये जमा कराए। उसने पोर्टल पर आय के रूप में 10.67 लाख रुपये प्रदर्शित किए। उसने रुपये वापस करने का प्रयास किया तो गलती प्रक्रिया अपनाने की बात कहकर खाता फ्रीज कर दिया। जमा राशि का आधी रकम 5.32 लाख रुपये जमा करने को कहा। 20 दिसंबर को उसने उधार लेकर रुपया जमा कर दिया। फिर क्रेडिट स्कोर कम बताकर एकता से 4.05 लाख रुपये और जमा कराए गए।
एकता को अंत में मिलने वाली धनराशि का टैक्स 6.14 जाख रुपये जमा करने को कहा। एकता ने बैंक से लोन लेकर यह राशि भी 29 दिसंबर 2025 को जमा कर दी। इसके बाद भी उसे रुपया वापस नहीं किया। एकता को इसके बाद अहसास हुआ कि उससे साइबर ठगी हो गई। उधर, साइबर क्राइम थाना प्रभारी महेश राठौर ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर बैकों में खातों को फ्रीज करने की रिपोर्ट भेजी गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




