दबथुवा में एक मकान से कीमती गहने और 50 हजार की नकदी चोरी
Meerut News - सरधना के दबथुवा गांव में बदमाशों ने रविवार रात एक घर में चोरी की। चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर सोने के गहने और नकदी चुरा ली। सोमवार को घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। यह गांव में एक सप्ताह में दूसरी चोरी की घटना है, जिससे ग्रामीणों में रोष है।

सरधना। दबथुवा गांव में बदमाशों का आतंक छाया हुआ है। रविवार देर रात बदमाशों ने एक घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। बदमाशों ने अलमारी का ताला तोड़ा और कीमती गहने तथा हजारों की नकदी चोरी कर ली। सोमवार सुबह चोरी का पता चलने पर पीड़ित ने थाने में तहरीर दी जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया और जांच में जुट गई। उधर, एक हफ्ते में गांव में हुई चोरी की दूसरी घटना से ग्रामीणों में रोष है। गांव निवासी वीरेंद्र सिंह पुत्र राधेश्याम ने बताया कि रविवार रात वह अपने परिवार के साथ एक कमरे में सोया हुआ था।
देर रात उसके घर में अज्ञात चोर घुस आए। उन्होंने दूसरे कमरे में रखी सेफ अलमारी का ताला तोड़ा और अंदर से दो जोड़ी सोने के कुंडल, एक सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, चांदी की दस जोड़ी पाजेब और करीब 50 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। सोमवार सुबह वे जागे तो चोरी का पता चला। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच पड़ताल की और बदमाशों की तलाश में जुट गई। इस मामले में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया है। बता दें, कि एक हफ्ते पूर्व भी बदमाशों ने गांव में निसार की वेल्डिंग की दुकान से कीमती सामान और मशीन चोरी कर ली थी। उस घटना में भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था, लेकिन अभी तक उस घटना का खुलासा नहीं हुआ। अब एक हफ्ते में ही हुई दूसरी चोरी की घटना को लेकर ग्रामीणों में रोष है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



