ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश मेरठकिसानों का मुद्दा मजबूती से विधानसभा में उठाएगी कांग्रेस : अजय कुमार लल्लू

किसानों का मुद्दा मजबूती से विधानसभा में उठाएगी कांग्रेस : अजय कुमार लल्लू

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि किसान धरती का भगवान है। सरकार के सामने टकटकी लगाए बैठा है। शांतिपूर्वक आंदोलन कर रहा है। कहा कि...

किसानों का मुद्दा मजबूती से विधानसभा में उठाएगी कांग्रेस : अजय कुमार लल्लू
Newswrapहिन्दुस्तान टीम,मेरठMon, 01 Feb 2021 03:17 AM
ऐप पर पढ़ें

मेरठ। वरिष्ठ संवाददाता

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि किसान धरती का भगवान है। सरकार के सामने टकटकी लगाए बैठा है। शांतिपूर्वक आंदोलन कर रहा है। कहा कि किसानों की मांग को सरकार माने और अपनी जिद किसान हित में छोड़कर बिलों को वापस लें। 18 फरवरी से शुरू होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा सत्र में किसानों के आंदोलन, गन्ना किसानों के मुद्दे को लेकर मांग उठाएंगे और सरकार को घेरेंगे।

गंगोह सहारनपुर जाते समय हिन्दुस्तान के साथ खास बातचीत में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि सरकार को किसानों की आवाज का समर्थन करना चाहिए। प्रदेश में गन्ना किसानों का चीनी मिलों पर 11 हजार करोड़ से अधिक बकाया है। सरकार ने अभी तक गन्ने का दाम तय नहीं किया। किसानों की गन्ना पर्ची पर गन्ना का दाम अंकित नहीं किया जा रहा है। गन्ने का 14 दिन में भुगतान का दावा किया था। इसके बाद मय ब्याज की बात कही थी, लेकिन किसानों को ब्याज के साथ तो क्या, मूल बकाया भी नहीं मिल रहा।

अजय ने कहा कि सरकार किसानों की आय को दोगुना करने का दावा कर रही थी लेकिन एक साल में 850 से अधिक किसान आत्महत्या कर चुके हैं। किसानों के साथ धोखा और विश्वासघात हुआ है। कहा कि विधानसभा का 18 फरवरी से सत्र चालू होगा। इसमें किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरेंगे और सवाल उठाकर जवाब मांगेगे।

दूसरी ओर, उन्होंने बताया कि प्रदेश में संगठन सृजन का कार्य अच्छी तरह से चल रहा है। अभी तक प्रदेश में 8143 न्याय पंचायतों में से 7300 न्याय पंचायतों में संगठन सृजन का कार्य किया जा चुका है। फरवरी माह में इसे पूरा कर लिया जाएगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें