मेरठ : संविधान संवाद रैली के जरिए वेस्ट यूपी को साधेगी कांग्रेस
Meerut News - उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने संविधान संवाद रैली की योजना बनाई है। 16 फरवरी को सहारनपुर, 22 फरवरी को मेरठ, 30 मार्च को मुजफ्फरनगर और 5 अप्रैल को बागपत में रैलियाँ आयोजित की जाएंगी। इन रैलियों में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की उपस्थिति की उम्मीद है।

सूबे में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। कांग्रेस ने पश्चिमी यूपी को साधने के लिए संविधान संवाद रैली के कार्यक्रम तैयार किए हैं। इनमें प्रदेश एवं पार्टी के शीर्ष नेता शिरकत करेंगे, जो सीधे जनता से संवाद करेंगे। पश्चिमी यूपी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ ही राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के कार्यक्रम को लेकर भी कयास लगाए जा रहे हैं। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी ने बताया कि अभी पार्टी नेतृत्व ने संविधान संवाद रैली को लेकर जो कार्यक्रम जारी किए हैं, इनमें 16 फरवरी को सहारनपुर एवं 22 फरवरी को मेरठ में संविधान संवाद रैली होगी।
30 मार्च को मुजफ्फरनगर एवं पांच अप्रैल को बागपत जिले के छपरौली में संविधान संवाद रैली का आयोजन किया जाएगा। जिन जिलों में रैली का आयोजन होगा, वहां अभी से कांग्रेस सक्रिय हो गए हैं। मेरठ, मुजफ्फरनगर और बागपत जिलों में कांग्रेस नेता चाहते हैं कि रैली में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी आएं। दूसरी ओर, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि कांग्रेस सूबे में संविधान संवाद रैली शुरू कर रही है। इस ऐतिहासिक अभियान में पार्टी का कारवां कांग्रेस प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे के नेतृत्व में संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और नागरिक अधिकारों की रक्षा के संकल्प के साथ निकलेगा। यह रैली उत्तर प्रदेश के हर ज़िले तक जाएगी और संविधान की मूल भावना को जन-जन तक पहुंचाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




