Meerut News: यूपी में बनेगी इंडिया गठबंधन की सरकार, कांग्रेस की भूमिका होगी अहम: संजीव आर्य
Meerut News: कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव संजीव आर्य ने आगामी विधानसभा चुनावों की तयारी के लिए पश्चिम यूपी में संगठन सृजन अभियान को पूरा करने की योजना बताई है। उन्होंने 2027 में सत्ता परिवर्तन की उम्मीद जताई है, जिसमें इंडिया गठबंधन की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। साथ ही, सामाजिक संस्थाओं को जोड़ने का भी आश्वासन दिया।
Meerut News: मेरठ । कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पश्चिम यूपी प्रभारी संजीव आर्य रविवार को मेरठ पहुंचे। अपार चैंबर में वह कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओ के साथ बैठक करेंगे। इसमें विधानसभा चुनाव की तैयारियों एवं संगठन की मजबूती पर जोर रहेगी। इस दौरान हिन्दुस्तान के साथ खास बातचीत में उन्होंने कहा कि यूपी में 15 अक्तूबर तक संगठन सृजन अभियान का काम पूरा हो जाएगा। ऑब्जर्वरों ने अपनी रिपोर्ट एआईसीसी को सौंप दी है। 15 दिनों के भीतर यूपी में जिला एवं महानगर अध्यक्षों की सूची जारी होगी। इसके अगले 15 दिनों में प्रदेश एवं उसके अगले 15 दिनों में ब्लाक स्तर तक के संगठन के गठन का काम पूरा हो जाएगा। बातचीत में उन्होंने कहा कि नए संगठन के गठन में सुनिश्चित किया जाएगा कि नई टीम में पूरा तालमेल रहे। गठबंधन में मिलकर मजबूती से चुनाव लड़ना है। कहा कि जो लोग कांग्रेस से जुड़े थे, लेकिन विपरीत परिस्थितियों में निष्क्रिय हो गए थे, उन्हें भी सक्रिय किया जाएगा। संघर्षशील, मेहनती लोगों को सम्मान एवं संगठन में स्थान मिलेगा。
15 दिनों से पश्चिमी यूपी के दौरे पर संजीव आर्य
पश्चिमी यूपी का प्रभारी बनाए जाने के बाद से ही पूर्व विधायक एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव संजीव आर्य ने पश्चिमी यूपी के दौरे शुरू कर दिये थे। आठ जिलों के दौरा कर वहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों से मुलाकात एवं संवाद कर चुके है। उन्होंने कहा कि पार्टी में पदाधिकारियों के बीच मतभेद हो सकते है, लेकिन मनभेद स्वीकार नहीं होगा। क्योंकि व्यक्तिगत मनभेद से पार्टी को जो नुकसान होगा, वह किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं होगा।
यूपी में होगा सत्ता परिवर्तन, बदलेगी तस्वीर
कांग्रेस के पश्चिमी यूपी प्रभारी संजीव आर्य ने हा कि केंद्र और प्रदेश सरकार से जनता नाराज है। यूपी में 2027 में विधानसभा चुनाव में जनता सत्ता परिवर्तन करेगी। इंडिया गठबंधन (कांग्रेस-सपा) की सरकार बनेगी। नई सरकार गठन में कांग्रेस की भूमिका अहम होगी। कहा कि गठबंधन धर्म दोनों ही निभाना चाहिए। 2024 के लोकसभा चुनाव में यूपी में गठबंधन का प्रदर्शन सबके सामने रहा। कहा कि राहुल गांधी सभी वर्गों के लिए संघर्ष कर रहे है। आमजन में कांग्रेस की स्वीकार्यता बढ़ी है। लोगों का कांग्रेस पर भरोसा है। कहा कि यूपी में क्षेत्रीय दलों बसपा, सपा, रालोद की सक्रियता-मजबूती से कांग्रेस कमजोर हुई थी, लेकिन फिर से लोगों का कांग्रेस से लगाव-जुड़ाव हो रहा है।
कांग्रेस से सामजिक संस्थाओं को भी जोड़ेगे
कांग्रेस नेता संजीव आर्य ने कहा कि पार्टी से सामाजिक संस्थाओं को भी जोड़ेगे। उनसे फीड़ बैक लेगे। समस्याओं, मुद्दों, बुनियादी सवालों पर बात करेंगे। बुनियादों सवालों के साथ चुनाव घोषणा पत्र के लिए मुद्दो को जुटाएंगे। सभी वर्गों के मुद्दों, समस्याओं का चुनावी एजेंड़ा तैयार करेंगे। कहा कि हर वर्ग की लड़ाई लड़ने से राहुल गांधी की स्वीकार्यता बढ़ी है। कहा कि यूपी में सोशल जस्टिस नहीं है। विभिन्न विभागों के अफसरों ने सेवा की जो शपथ ली थी, वह उसे भूल चुके है। इससे जनता प्रभावित हो रही है। 2027 में सत्ता परिवर्तन के साथ इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी और सोशल जस्टिस प्राथमिकता होगी।
नफरत नहीं मोहब्बत-आपसी भाईचारे की राजनीति कर रहे
कांग्रेस के पश्चिमी यूपी प्रभारी संजीव आर्य ने कहा कि भाजपा नरफत की राजनीति करती है। लोगों को हिन्दु-मुस्लिम में बांटकर बुनियादी सवालों, लॉ एंड ऑर्डर, भ्रष्टाचार, रोजगार, किसानों की समस्याओं से ध्यान भटकाया हुआ है। कांग्रेस मोहब्बत, आपसी भाईचारे, सभी वर्गों दलित, अल्पसंख्यकों, किसानों, मजदूरों, युवाओं, व्यापारियों को साथ लेकर चलने, समस्याओं-मुद्दों के समाधान की राजनीति करती है। इसलिए देशव्यापी सत्ता परिवर्तन के लिए आमजनता कांग्रेस की तरफ देख रहे है। देश में परिवर्तन की लहर यूपी से चलेगी। 2027 में यूपी में एवं 2029 में केंद्र में सत्ता परिवर्तन होगा।


